कांग्रेसियों के लिए असम से बड़ी उनकी पार्टी : मुख्यमंत्री

गुवाहाटी, 1 अक्टूबर (हि.स.)। मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने आज कहा कि कांग्रेसियों के लिए असम से बड़ी उनकी पार्टी है। मुख्यमंत्री डॉ. सरमा ने सोशल मीडिया के जरिए कहा कि किसी राज्य की प्रतिष्ठा या जिम्मेदारी किसी पार्टी की तुलना में बहुत अधिक होती है और किसी देश के प्रति जिम्मेदारी राज्य की तुलना में बहुत अधिक होती है। लेकिन, हाल ही में जब कर्नाटक के मंत्री प्रियांक खड़गे ने सेमीकंडक्टर की स्थापना पर असम की दक्षता पर सवाल उठाकर पूरे असमिया लोगों का अपमान किया, तब भी कांग्रेस के एक भी असमिया को इस अपमान का विरोध करने की हिम्मत नहीं हुई।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्व में मल्लिकार्जुन खड़गे ने भी हमारे महान कलाकार डॉ. भूपेन हजारिका के बारे में अजीबोगरीब टिप्पणियां की थीं। इससे समझा जा सकता है कि असम विरोधी हजारों बयान दिए जाने पर भी असम के कांग्रेसियों के लिए दलीय हित सर्वोपरि है और असम का सम्मान उनके लिए कोई मायने नहीं रखता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज असम के लोगों के गुस्से का इजहार हुआ है, जिसके चलते अनगिनत लोग सड़कों पर निकलकर पिता-पुत्र से जनता से माफी मांगने की मांग कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस समय, असम प्रदेश कांग्रेस कमेटी जर्जर हालत में है। असम के लोग विपक्ष में ऐसी असम विरोधी पार्टी नहीं चाहते हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

   

सम्बंधित खबर