दशहरे के बाद होगा हरियाणा सरकार का शपथ ग्रहण

-नई कैबिनेट के गठन को लेकर बैठकों का दौर शुरू

चंडीगढ़, 9 अक्टूबर (हि.स.)। हरियाणा में दशहरे के बाद नई सरकार का शपथ ग्रहण होगा। इसके बावजूद पार्टी की तरफ से नई सरकार तथा नई कैबिनेट के गठन को लेकर मंथन शुरू हो गया है। इस बीच चुनाव जीतने वाले हैवीवेट नेताओं ने दिल्ली दरबार में लॉबिंग शुरू कर दी है। कई विधायक आज शीर्ष नेतृत्व से मुलाकात के बहाने दिल्ली भी पहुंच गए।

मुख्यमंत्री और उनके कैबिनेट मंत्रियों के शपथ ग्रहण कार्यक्रम से पहले भाजपा विधायक दल की बैठक में नए नेता का चुनाव किया जाएगा। इसके लिए नायब सैनी दिल्ली भी गए हैं। हाईकमान की ओर से नायब सिंह सैनी को ही मुख्यमंत्री बनाने को लेकर हरी झंडी दी जा चुकी है लेकिन औपचारिक प्रक्रिया में फिर से उनके नाम का चयन किया जाएगा।

नई सरकार में मंत्री बनने के लिए विधायकों में भागदौड़ शुरू हो गई है। अधिकांश पुराने मंत्रियों के चुनाव हारने से अब नए लोगों को मौका मिलने की उम्मीद है। चुनाव के नतीजे आने के बाद केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर के दिल्ली निवास पर कई नेताओं का जमावड़ा लग गया है। भाजपा के हरियाणा चुनाव प्रभारी केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान और सह प्रभारी बिप्लव देब ने मनोहर लाल खट्टर के साथ बैठकर रणनीति तैयार की है। इस बैठक में मंत्रियों के नामों सहित अन्य मामलों पर चर्चा की गई।

नई सरकार में मुख्यमंत्री के साथ दो डिप्टी सीएम बनाए जाने की चर्चा शुरू हो गई है। बताया जा रहा है कि वरिष्ठता के आधार पर पूर्व गृह मंत्री अनिल विज और एक ब्राह्मण विधायक को उपमुख्यमंत्री बनाया जा सकता है। विज पहले ही मुख्यमंत्री बनने का दावा पेश कर चुके हैं। नई सरकार में भाजपा के कई नए चेहरे शामिल हो सकते हैं। पुराने चेहरों में पूर्व गृह मंत्री अनिल विज, मूलचंद शर्मा और महिपाल ढांडा का नाम तो लगभग तय है।

नए चेहरों में जातीय और क्षेत्रीय तौर पर फरीदाबाद से विपुल गोयल, भिवानी से घनश्याम सर्राफ, बादशाहपुर से राव नरवीर, इसराना से कृष्ण लाल पंवार, नरवाना से कृष्ण कुमार बेदी, राई से कृष्णा गहलावत, जींद से डॉ. कृष्ण मिड्डा, गोहाना से डॉ. अरविंद शर्मा और यमुनानगर से घनश्याम अरोड़ा का नाम चर्चा में आ गए हैं। करनाल के घरौंडा से विधायक हरविंदर कल्याण को विधानसभा स्पीकर बनाए जाने की चर्चाएं हैं। पूर्व डिप्टी स्पीकर रणवीर गंगवा को अहम जिम्मेदारी मिल सकती है।

इस बीच पत्रकारों से बातचीत में मोहन लाल बड़ौली ने कहा कि हम यहां सीएम चेहरा और शपथ पर कोई चर्चा नहीं कर रहे हैं। यह सब दशहरे के बाद तय किया जाएगा। सीएम चुनने के लिए दशहरे के बाद मीटिंग होगी। नई सरकार में कौन मंत्री होगा, किसको कब शपथ दिलाई जाएगी, यह सब पार्टी हाईकमान तय करेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

   

सम्बंधित खबर