भाजपा की ताकत उसके कार्यकर्ता:नवीन जिंदल

भाजपा जिला कार्यालय कैथल में सक्रिय सदस्य महासम्मेलन का आयोजन

कैथल, 9 अप्रैल (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के जिला कार्यालय कैथल में बुधवार को सक्रिय सदस्य महासम्मेलन का आयोजन किया गया। इस सम्मेलन में लोकसभा सांसद व भाजपा नेता नवीन जिन्दल ने विशेष रूप से भाग लेकर कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। इस सम्मेलन में कैथल के वरिष्ठ नेता व पूर्व विधायक लीलाराम गुर्जर, भाजपा जिला अध्यक्ष ज्योति सैनी, पूंडरी से विधायक सतपाल जांबा, चारों मंडलों के अध्यक्षगण, जिला परिषद सदस्य, पार्टी पदाधिकारी, महिला मोर्चा, युवा मोर्चा, अनुसूचित जाति मोर्चा, पिछड़ा वर्ग मोर्चा सहित सैकड़ों की संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

उन्होंने कहा कि भाजपा की ताकत उसके जमीनी कार्यकर्ता हैं और यह सम्मेलन उसी शक्ति को सशक्त करने का माध्यम है। उन्होंने सभी को 14 अप्रैल को यमुनानगर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रस्तावित ऐतिहासिक रैली में भाग लेने का आह्वान किया और कहा कि यह रैली आने वाले लोकसभा चुनाव की दिशा और दशा तय करेगी।

इस अवसर पर सांसद नवीन जिन्दल ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी की ताकत उसका कैडर है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने बीते दस वर्षों में जो प्रगति की है, वह अभूतपूर्व है। मोदी सरकार ने गरीब, किसान, मजदूर, युवा, महिलाओं, व्यापारी और हर वर्ग के लिए जनकल्याणकारी योजनाएं शुरू कीं, जिनका लाभ सीधे ज़रूरतमंदों तक पहुँचा है।

नवीन जिन्दल ने कहा कि भाजपा केवल सत्ता की पार्टी नहीं है, यह सेवा, संगठन और संस्कार की पार्टी है। हर कार्यकर्ता को यह समझना होगा कि उनका एक-एक कदम राष्ट्र निर्माण में भागीदारी है। उन्होंने युवाओं को डिजिटल प्लेटफॉर्म पर पार्टी की योजनाओं और उपलब्धियों को पहुंचाने के लिए सक्रिय होने का सुझाव भी दिया। सम्मेलन में पूर्व विधायक लीलाराम ने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि आज देश को मजबूत नेतृत्व मिला है, जिसे वैश्विक मंच पर सम्मान मिल रहा है। ऐसे समय में हमें बूथ स्तर तक पहुंच कर हर व्यक्ति को पार्टी से जोडऩा है।

भाजपा जिला अध्यक्ष ज्योति सैनी ने अपने भाषण में कार्यकर्ताओं से कहा कि इस महासम्मेलन का उद्देश्य कार्यकर्ताओं में नया उत्साह और जोश भरना है। उन्होंने कहा कि 14 अप्रैल को यमुनानगर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जो रैली आयोजित हो रही है, वह हरियाणा प्रदेश के लिए ऐतिहासिक सिद्ध होगी। उन्होंने कहा कि हमारा प्रत्येक कार्यकर्ता इस रैली को सफल बनाने के लिए जी-जान से जुटे। हमें गाँव-गाँव जाकर लोगों को रैली में आने के लिए प्रेरित करना है और यह सुनिश्चित करना है कि कैथल से सबसे बड़ी संख्या में कार्यकर्ता यमुनानगर पहुंचे। पूंडरी से भाजपा विधायक सतपाल जांबा की उपस्थिति ने सम्मेलन को और भी प्रभावशाली बना दिया। उन्होंने कार्यकर्ताओं को अपनी शुभकामनाएं दी और संगठन के लिए तन, मन, धन से जुटने का आग्रह किया। इसके अलावा मंडल अध्यक्षों, जि़ला पदाधिकारियों, महिला मोर्चा, युवा मोर्चा, एससी मोर्चा, ओबीसी मोर्चा के प्रतिनिधियों और अनेक वरिष्ठ नेताओं ने भी विचार सांझा किए और संगठनात्मक मजबूती के लिए विभिन्न सुझाव दिए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज वर्मा

   

सम्बंधित खबर