परमात्मा के बिना सृष्टि का अस्तित्व नहीं : आचार्य सोमदेव शास्त्री

मुरादाबाद, 24 सितम्बर (हि.स.)। वेद प्रचार मंडल मुरादाबाद के 29 वें वार्षिकोत्सव के तीसरे दिन मंगलवार को गुलजारीमल धर्मशाला में हुआ। प्रातःकाल की बेला में सर्वप्रथम वैदिक वातावरण में वृहद यज्ञ किया गया। यज्ञ के ब्रह्मा सोमदेव शास्त्री और भूपेंद्र शास्त्री रहे। दिल्ली से आईं गायिका अमृता आर्या ने सुरीली आवाज में भजनों की प्रस्तुति दी। भजनों के माध्यम से बताया कि कण-कण में बसा प्रभु देख रहा चाहे पुण्य करो चाहे पाप करो, कोई उसकी नजर से बच न सका चाहे पुण्य करो चाहे पाप करो और ज्ञान का सागर चार वेद यह वाणी है। भगवान की इसी से मिलती सब सामग्री जीवन के कल्याण की है।

राजस्थान से आए आचार्य सोमदेव शास्त्री ने बताया कि हमें मनुष्य का जीवन मिला है। इस जीवन को प्राप्त करने में हमारे माता-पिता का योगदान निर्विवाद है, परंतु इसके साथ ही हमारी आत्मा और शरीर का संबंध कराने वाला सच्चिदानंद स्वरूप, सर्वव्यापक और सर्वशक्तिमान परमात्मा है।

कार्यक्रम की अध्यक्षता डाॅ.अभय श्रोत्रिय ने की तथा संचालन वेद प्रचार मंडल के अध्यक्ष अरविंद आर्यबंधु सहगल ने किया।

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जयसवाल

   

सम्बंधित खबर