स्थानीय निकाय और पंचायतीराज चुनावों में कांग्रेस को जनता ने नकारा : बिंदल

नाहन, 03 जून (हि.स.)। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने कहा कि हाल ही में संपन्न हुए स्थानीय निकाय एवं पंचायतीराज संस्थाओं के चुनाव प्रदेश की कांग्रेस सरकार के खिलाफ जनमत संग्रह साबित हुए हैं। उन्होंने दावा किया कि चुनाव परिणामों ने स्पष्ट कर दिया है कि हिमाचल प्रदेश की जनता वर्तमान सरकार की नीतियों से असंतुष्ट है और परिवर्तन चाहती है।

डॉ. बिंदल ने बुधवार को एक बयान में आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू और उनकी सरकार ने विभिन्न तकनीकी कारणों का हवाला देकर चुनाव टालने का प्रयास किया, लेकिन सर्वोच्च न्यायालय के हस्तक्षेप के बाद चुनाव करवाने पड़े। उन्होंने कहा कि चुनावों के दौरान सत्ता और प्रशासनिक तंत्र का दुरुपयोग किए जाने के बावजूद जनता ने कांग्रेस को करारा जवाब दिया।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस चुनावों को गैर-राजनीतिक बताती रही, लेकिन परिणाम आने के बाद जीत का श्रेय लेने लगी। उनके अनुसार ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के मतदाताओं ने बढ़-चढ़कर मतदान कर सरकार के कामकाज पर अपना फैसला सुनाया है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने दावा किया कि नगर निगमों, नगर परिषदों, जिला परिषदों और पंचायत समितियों के चुनाव परिणाम कांग्रेस सरकार के खिलाफ जनादेश हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार महिलाओं को ₹1500 प्रतिमाह, युवाओं को रोजगार, किसानों-बागवानों को राहत और 300 यूनिट मुफ्त बिजली जैसी चुनावी गारंटियों को पूरा करने में विफल रही है।

डॉ. बिंदल ने कहा कि सिरमौर सहित कई जिलों में भाजपा को उल्लेखनीय सफलता मिली है। मंडी और धर्मशाला जैसे शहरी क्षेत्रों में भी कांग्रेस को निराशा हाथ लगी। उन्होंने कहा कि चुनाव परिणामों से स्पष्ट है कि कांग्रेस सरकार जनता का विश्वास खो चुकी है।

उन्होंने मुख्यमंत्री से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देने और विधानसभा चुनाव करवाने की मांग की। साथ ही प्रदेश की जनता, भाजपा कार्यकर्ताओं और विजयी उम्मीदवारों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भाजपा जनता के विश्वास को मजबूत करते हुए विकास और सुशासन के लिए कार्य करती रहेगी।

---------------

   

सम्बंधित खबर