भाजपा ने शुरू की पंचायती राज और शहरी निकाय चुनावों की तैयारी, नाहन में वार्डवार बैठकों का आयोजन

नाहन, 12 मई (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में आगामी पंचायती राज और शहरी निकाय चुनावों की तैयारी को लेकर भारतीय जनता पार्टी सक्रिय हो गई है। इसी क्रम में सोमवार को नाहन में वार्डवार कार्यकर्ता बैठकों का आयोजन किया गया जिसकी अध्यक्षता भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने की। बैठकों में कार्यकर्ताओं को उनके वार्ड की समस्याओं पर चर्चा करने के साथ-साथ प्रदेश सरकार की नीतियों की जानकारी दी गई। इस दौरान डॉ. बिंदल ने कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला बोला और कहा कि विगत ढाई वर्षों में प्रदेश की सुखविंदर सिंह सुक्खू सरकार ने हिमाचल प्रदेश और विशेष रूप से जिला सिरमौर को भारी नुकसान पहुंचाया है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा रोजाना लिए जा रहे फैसलों से आम जनता त्रस्त है। सरकार ने हर वर्ग पर टैक्स की मार डाली है, जिससे हजारों करोड़ रुपये का आर्थिक बोझ जनता पर पड़ा है। डॉ. बिंदल ने आरोप लगाया कि सत्ता में आते ही कांग्रेस सरकार ने डीजल पर 7.50 रुपये प्रति लीटर अतिरिक्त टैक्स लगाया, जिससे अब तक करीब 4000 करोड़ रुपये वसूले जा चुके हैं।

उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस ने 2022 के चुनावों में 125 यूनिट मुफ्त बिजली देने का वादा किया था, लेकिन सत्ता में आते ही वह सुविधा बंद कर दी गई। उल्टा, बिजली पर नए टैक्स लगाकर दामों में भारी वृद्धि की गई, जिससे जनता को करंट लग रहा है।

डॉ. बिंदल ने कहा कि जब देश की सीमाओं पर राफेल उड़ रहे थे, तब राज्य के मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री एचआरटीसी बस किराए और अन्य सुविधाओं में वृद्धि कर रहे थे। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने चुपचाप न्यूनतम किराया और परिवहन दरें बढ़ा दी हैं, जबकि प्रदेश में परिवहन ही आम जनता का एकमात्र विकल्प है।

डॉ. बिंदल ने कहा कि प्रदेश में टैक्सों की भरमार है और भाजपा इसका जोरदार विरोध करती है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे जनता के बीच जाकर सरकार की विफलताओं को उजागर करें और आगामी चुनावों के लिए तैयार रहें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर

   

सम्बंधित खबर