जातिगत जनगणना से लोकतंत्र मज़बूत होगा: केशव प्रसाद मौर्य
- Admin Admin
- Apr 30, 2025

लखनऊ,30 अप्रैल (हि.स.)। केन्द्र सरकार के जातिगत जनगणना के फैसले का भारतीय जनता पार्टी ने स्वागत किया है। भाजपा के वरिष्ठ नेता व उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जातीय जनगणना का फ़ैसला ऐतिहासिक है। लोकतंत्र इससे मज़बूत होगा।
केशव प्रसाद मौर्य ने जारी बयान में कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जातिगत जनगणना के ऐलान के बाद जाति आधारित जनगणना के नाम पर ढोंग करने वाले दलों कांग्रेस, सपा, राजद और इंडी गठबंधन अब जनता को मुंह दिखाने लायक नहीं हैं। सबका साथ-सबका विकास करने वाले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के 140 करोड़ लोगों को ऐतिहासिक उपहार दिया है,जिसकी जितनी संख्या भारी,उनको उतनी हिस्सेदारी वाला फैसला है। मोदी हैं तो मुमकिन है।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि समूचा दलित, आदिवासी, पिछड़ा समाज उनके इस फ़ैसले का तहेदिल से स्वागत करता है। दशकों से इसका इंतज़ार था। यह उन नेताओं के लिए भी एक सबक है जो जातीय जनगणना का राग तो बहुत अलापते थे, लेकिन दशकों तक सत्ता में रहने पर उनके दल इस मुद्दे पर कंबल ओढ़कर सो जाते थे। जाति भारतीय राजनीति की सच्चाई है और जातीय जनगणना इसकी धुरी। ज़मीनी राजनीति के धुरंधर नेता नरेंद्र मोदी इस ज़मीनी सच्चाई से वाक़िफ़ हैं। उन्होंने अपने इस फ़ैसले से देशवासियों का ह्रदय छू लिया है।
हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन