चंबा हिमस्खलन : प्रभावित परिवारों के संपर्क में सरकार, राजस्व मंत्री ले रहे राहत कार्यों का जायजा
- Admin Admin
- Mar 05, 2025

शिमला, 05 मार्च (हि.स.)। चंबा जिले के किलाड़ के अपर कुम्हार क्षेत्र में पिछले दिनों हुए हिमस्खलन के कारण कई घर क्षतिग्रस्त हो गए और दो लोग घायल हो गए। इस घटना के बाद राजस्व, बागवानी और जनजातीय विकास मंत्री जगत सिंह नेगी प्रभावित परिवारों के साथ लगातार संपर्क में हैं और स्थिति का जायजा ले रहे हैं।
राजस्व मंत्री ने बुधवार को बताया कि हिमस्खलन के कारण सात से आठ घर क्षतिग्रस्त हुए हैं और दो लोग घायल हुए हैं। उन्होंने कहा कि प्रभावित परिवारों को आवश्यक राहत प्रदान करने के लिए जिला प्रशासन को तुरंत कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। इस बीच राहत सामग्री के लिए वायु सेना की मदद ली जा रही है और एयरड्रॉप के जरिए प्रभावित क्षेत्र में राहत सामग्री भेजी जा रही है।
राजस्व मंत्री ने कहा कि जिला प्रशासन को राशन, गर्म कपड़े और अन्य जरूरी सामग्री उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा, विद्युत बोर्ड और लोक निर्माण विभाग को भी जरूरी दिशा-निर्देश दिए गए हैं, ताकि प्रभावित क्षेत्रों में जनजीवन को जल्द से जल्द सामान्य किया जा सके।
मंत्री ने यह भी कहा कि प्रदेश सरकार प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता प्रदान करेगी। राहत कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है और जरूरतमंद परिवारों को सभी आवश्यक सुविधाएं मुहैया करवाई जाएंगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा