
चंडीगढ़, 04 जुलाई । चंडीगढ़ के औद्योगिक क्षेत्र में शनिवार शाम एक पुरानी इमारत ढहने से 7 व्यक्ति दब गए। चंडीगढ़ पुलिस, फायर ब्रिगेड तथा एनडीआरएफ की टीमों ने मौके पर पहुंच कर राहत कार्य संभालते हुए देर शाम तक 5 लोगों को सुरक्षित निकाल लिया जबकि दो की तलाश में बचाव अभियान जारी है। बारिश के कारण राहत कार्यों में दिक्कत आ रही है।
जानकारी के अनुसार चंडीगढ़ के औद्योगिक क्षेत्र फेज टू स्थित प्लाट नंबर 28/9 में एक इमारत ढह गई। इमारत गिरते ही आसपास के क्षेत्र में अफरातफरी मच गई। पुलिस तथा एनडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंची। मशीनों के साथ मलबा हटाने के बाद सबसे पहले रमेश नामक व्यक्ति को बाहर निकाला गया। जिसने भीतर कई लोगों के दबे होने का दावा किया।
रमेश के अनुसार शाम करीब साढ़े चार बजे इमारत अचानक ढह गई। एनडीआरएफ की टीमों ने जेसीबी के जरिए पहले लेंटर हटाया गया, ताकि अंदर हवा जाती रहे और वहां दबे लोगों की जिंदगी बचाई जा सके।
पुलिस के अनुसार इमारत में स्क्रैप का काम चल रहा था। पुरानी होने के कारण छत ढह गई। मलबे में से पांच लोगों को सकुशल निकाला जा चुका है। अभी उन्हें 2 लोगों के दबे होने की सूचना मिली है। जिसमें एक बिल्डिंग मालिक और दूसरा मजदूर है। रेस्क्यू टीमें लगातार काम में जुटी हुई हैं।
---------------

