क्रांतिज्योति सावित्रीबाई फुले का स्मारक असमानता के विरुद्ध संघर्ष की प्रेरणा देगा : मुख्यमंत्री फडणवीस
- Admin Admin
- Jan 03, 2026
मुंबई, 03 जनवरी (हि.स.)। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने शनिवार को सातारा जिले में कहा कि नायगांव में स्थापित होने वाला क्रांतिज्योति सावित्रीबाई फुले का स्मारक उनके कार्यों की याद दिलाएगा। इससे संघर्ष की प्रेरणा तो मिलेगी ही, साथ ही समाज में असमानता के विरुद्ध क्रांति के बीज भी बोए जाएंगे। मुख्यमंत्री फडणवीस ने कहा कि महिलाओं को अधिकार देने और उन्हें सशक्त बनाने के लिए यहां स्थापित होने वाले महिला प्रशिक्षण केंद्र में सभी प्रकार के आवश्यक प्रशिक्षण की व्यवस्था की जाएगी।
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस शनिवार को सातारा जिले के नायगांव में आयोजित क्रांतिज्योति सावित्रीबाई फुले की 195वीं जयंती पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर सावित्रीबाई फुले के 143 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले स्मारक तथा महिला प्रशिक्षण केंद्र का भूमिपूजन किया गया। मुख्यमंत्री फडणवीस ने कहा कि महाराष्ट्र और देश में महिला शिक्षा की शुरुआत करने वाली और महिलाओं को गुलामी की बेडिय़ों से मुक्त करने वाली क्रांतिज्योति सावित्रीबाई फुले का स्मारक प्रेरणादायक होगा। महात्मा फुले और सावित्रीबाई फुले ने समाज की कुरीतियों के विरुद्ध क्रांति का बिगुल फूंका और समाज में समानता स्थापित करने के लिए एक सशक्त व्यवस्था खड़ी की। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि रूढि़वाद, असमानता और जातिवाद के कारण सामाजिक और आर्थिक गुलामी उत्पन्न होती है। उस समय महिलाओं को शिक्षा का अधिकार नहीं था और विधवाओं को संपत्ति का अधिकार नहीं था। ऐसी स्थिति में उन्होंने समाज की रूढिय़ों के खिलाफ विद्रोह किया और महिलाओं को शिक्षा का अधिकार दिलाने के लिए पहली बालिका विद्यालय की शुरुआत की।
महात्मा फुले और सावित्रीबाई फुले के मार्ग पर ही शासन चल रहा है। ‘लाडकी बहन’ योजना के तहत बहनों को ‘लखपती दीदी’ बनाने के निर्णय के अनुसार अब तक 50 लाख महिलाएं लखपती दीदी बन चुकी हैं और इस वर्ष यह संख्या 1 करोड़ तक पहुंच जाएगी, ऐसा विश्वास उन्होंने व्यक्त किया। सातारा जिले में डेढ़ लाख लखपती दीदी बनने पर उन्होंने प्रसन्नता भी व्यक्त की। उन्होंने यह भी कहा कि संत सावता माली का अरण स्थित स्मारक भी भव्य और दिव्य होगा तथा उसके लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं।
इस अवसर पर विधान परिषद के सभापति प्रो. राम शिंदे, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री छगन भुजबल, पालकमंत्री शंभूराज देसाई, ग्राम विकास मंत्री जयकुमार गोरे, राहत एवं पुनर्वसन मंत्री मकरंद पाटील, राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष रुपाली चाकणकर, विधायक डॉ. अतुल भोसले, मनोज घोरपडे, सचिन पाटील, ग्राम विकास विभाग के प्रधान सचिव एकनाथ डवले, नायगांव की सरपंच स्वाती जमदाडे सहित अन्य गणमान्य उपस्थित थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव



