मुख्यमंत्री ने किया 337 करोड़ की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शुभारंभ

-325 अमृत सरोवर, 70 एडवांस्ड लाइफ स्पोर्ट एंबुलेंस की दी सौगात

चंडीगढ़, 01 जुलाई (हि.स.)। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने 325 अमृत सरोवर के साथ-साथ 70 एडवांस्ड लाइफ स्पोर्ट एंबुलेंस जनता को समर्पित की है। मुख्यमंत्री बुधवार को अंबाला के नारायणगढ़ में आयोजित कार्यक्रम में शिरकत कर रहे थे। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कुल 337 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शुभारंभ किया। 114 करोड़ रुपये की लागत से तैयार 7 महत्वपूर्ण स्वास्थ्य परियोजनाएं शामिल हैं। इसके साथ ही 223 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित 325 अमृत सरोवर भी प्रदेश की जनता को समर्पित किए गए।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने अपने संबोधन में कहा कि आज का अवसर केवल नारायणगढ़ के लिए ही नहीं, बल्कि पूरे हरियाणा के लिए एक ऐतिहासिक अवसर है, जब उन्होंने आज 337 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शुभारंभ किया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले साढ़े 11 वर्षों में नारायणगढ़ विधानसभा क्षेत्र में निरंतर विकास कार्य किए गए हैं। आज की परियोजनाओं सहित इस क्षेत्र में 858 करोड़ रुपये के विकास कार्य किए जा चुके हैं। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि सरकार अपने संकल्पों को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है। विधानसभा चुनाव के संकल्प-पत्र के 217 वादों में से 66 पूरे किए जा चुके हैं, जबकि 151 वादों पर कार्य जारी है।

कार्यक्रम में उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए प्रदेश की स्वास्थ्य मंत्री कुमारी आरती सिंह राव ने कहा कि हरियाणा सरकार आमजन को बेहतर सुविधाएं प्रदान करने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य न केवल बेहतर सुविधाओं में बढ़ोतरी करना है, बल्कि रोगों की समय पर पहचान करते हुए रोगों की रोकथाम करना भी है। आज से मानसिक स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने के लिए ब्लॉक स्तर पर भी इस दिशा में कार्य शुरु हो गया है। साथ ही राज्य की आपातकालीन सेवाओं को भी सुदृढ़ किया गया है।

वहीं, कार्यक्रम को संबोधित करते हुए स्वास्थ्य विभाग की अतिरिक्त मुख्य सचिव डॉ सुमिता मिश्रा ने कहा कि आज 7 महत्वपूर्ण परियोजनाओं का मुख्यमंत्री ने शुभारंभ किया है। मानसिक स्वास्थ्य सेवाओं की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए काउंसलर की रोटेशन वाइज सुविधा अब शैक्षणिक संस्थाओं में मिला करेगी। उन्होंने बताया कि जो एंबुलेंस जनता को समर्पित की गई है, वो प्रदेश के अलग—अलग जिलों में तैनात होंगी, तथा डायल 112 से एमरजैंसी के लिए कनेक्ट होगी।

---------------

   

सम्बंधित खबर