संविधान का अपमान करने वाली कांग्रेस ने बारंबार डॉ. आम्बेडकर का अपमान किया : गुरु प्रकाश पासवान
- Admin Admin
- Jan 26, 2025
मुंबई, 26 जनवरी (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय प्रवक्ता गुरु प्रकाश पासवान ने रविवार को मुंबई में कहा कि संविधान का अपमान करने वाली कांग्रेस ने बार-बार संविधान निर्माता बाबा साहब डा. भीम राव आम्बेडकर का अपमान किया है। आपातकाल लगाकर, संविधान में संशोधन करके संविधान का गला घोंटने का काम भी किया था।
गुरुप्रकाश पासवान मुंबई में भाजपा प्रदेश कार्यालय में पत्रकार वार्ता को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और राहुल गांधी को भारतीय जनता पार्टी पर संविधान बदलने का निराधार आरोप लगाने का नैतिक अधिकार नहीं है जबकि कांग्रेस पार्टी ने बार-बार संविधान का अपमान किया है। कांग्रेस ने हमेशा दलित विरोधी, वंचित विरोधी, समता विरोधी रुख अपनाया है। राहुल गांधी ने संविधान को राजनीतिक हथियार के रूप में इस्तेमाल किया और लोकसभा चुनाव से पहले निराधार राजनीति करके एक फर्जी कहानी गढ़ी। हालाँकि, फुले, शाहू और डा. आम्बेडकर के महाराष्ट्र में बुद्धिमान मतदाताओं ने विधानसभा चुनावों में महायुति के समर्थन में भारी मतदान किया, जिससे झूठी कहानी का पर्दाफाश हो गया।
उन्हाेंने कहा कि संविधान भाजपा के लिए आस्था और विश्वास का विषय है। जहां भाजपा ने सभी वर्गों को सशक्त बनाने के लिए कठोर कदम उठाए वहीं कांग्रेस ने समय-समय पर अपना दलित विरोधी चेहरा दिखाया।
इस अवसर पर मुंबई भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के अध्यक्ष शरद कांबले, महासचिव राहुल कांबले, भटके विमुक्त आघाडी के महासचिव मनीष पतंगी, मुंबई सचिव राम शिंदे, दक्षिण मुंबई महासचिव साक्षी दरेकर, प्रदेश प्रवक्ता ओमप्रकाश चौहान आदि उपस्थित थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव