स्वच्छता सर्वेक्षण के पहले निगम पार्कों के हालात सुधारने में जुटा
- Admin Admin
- Feb 16, 2025

जयपुर, 16 फ़रवरी (हि.स.)। स्वच्छता सर्वेक्षण से पहले हेरिटेज निगम पार्कों के हालात सुधारने पर काम कर रहा है। इसके लिए निगम को तीन जोनों में बांटा गया है। पार्कों को 100,100 और 50 के हिस्से में बांटा गया है। पार्कों के हालात का जायजा लेने के लिए निगम आयुक्त लगातार दौरे कर रहे है।
हेरिटेज निगम आयुक्त अरुण हसीजा ने रविवार को संत कंवर राम पार्क, दीन दयाल उपाध्याय पार्क, माधो सिंह पार्क सहित अन्य जगहों पर जाकर पार्कों की हालात देखी। पार्को में फव्वारे और पेड़-पौधे सही हालात में मिले। लेकिन पार्कों में गदंगी देखकर आयुक्त उखड़ गए और अधिकारियों को जमकर खरी-खोटी सुनाई। आयुक्त ने सभी अधिकारियों को ठीक तरीके से काम करने की नसीहत भी दी। वहीं पार्कों में डस्टबिन को स्वच्छता सर्वेक्षण के मानकों के आधार पर रखने के निर्देश दिए गए। डस्टबिन पर जागरूकता के स्लोगन लिखवाने को भी कहा। निरीक्षण के बाद आयुक्त अरुण हसीजा ने हेरिटेज निगम के 250 पार्कों को तीन जोन में बांट दिया। आयुक्त ने निगम अधिकारियों को कहा कि हर महिने सभी पार्को की विजिट कर व्यवस्थाओं को मजबूत किया जाए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश