नाबालिग से छेड़छाड़ का आरोपित गिरफ्तार, पोक्सो में मुकदमा दर्ज
- DSS Admin
- May 16, 2026
हरिद्वार, 16 मई (हि.स.)। कोतवाली कनखल क्षेत्र में नाबालिग बालिका के साथ छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपित को हिरासत में लेकर उसके खिलाफ पोक्सो एक्ट सहित संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, कनखल क्षेत्र के एक व्यक्ति ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उनके किराये के मकान में रहने वाला एक अन्य किरायेदार उनकी 16 वर्षीय नाबालिग पुत्री के साथ छेड़छाड़ कर रहा था। परिजनों ने आरोपी को मौके पर पकड़ लिया और इसकी सूचना पुलिस को दी।
तहरीर के आधार पर कोतवाली कनखल में तत्काल मुकदमा दर्ज किया। प्रभारी निरीक्षक कनखल के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपित को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपित की पहचान राजनाथ सिंह पुत्र स्वर्गीय देव कुमार निवासी ग्राम जमीरा, थाना मोफासिल, जिला भोजपुर आरा बिहार, हाल निवासी देवनगर कॉलोनी कनखल हरिद्वार के रूप में हुई है। विधिक कार्यवाही करते हुए पुलिस ने आरोपित का चालान कर दिया है।

