फिल्मी अंदाज में चोरी : लाखों के जेवरात और नकद चोर फरार

हरिद्वार, 03 जून (हि.स.)। जनपद के गंगनहर कोतवाली क्षेत्र में मंगलवार की देर रात बदमाशों ने एक ज्वेलर्स की दुकान को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के आभूषण और नकदी चोरी कर ली। पूरी वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश में जुटी हुई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, पूर्वी अंबर तालाब स्थित खन्ना ज्वैलर्स में देर रात अज्ञात चोरों ने सेंध लगाकर चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम दिया। बताया जा रहा है कि बदमाश दुकान से लाखों रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषणों के साथ नकदी भी अपने साथ ले गए।

सीसीटीवी फुटेज की जांच में सामने आया है कि आधी रात के समय सफेद रंग की एक स्विफ्ट कार में सवार होकर कुछ लोग दुकान के बाहर पहुंचे। इसके बाद उन्होंने दुकान का शटर और ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया। आरोपियों ने करीब एक घंटे तक दुकान के भीतर रहकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया और फिर एक-एक कर मौके से फरार हो गए।

बुधवार सुबह चोरी की जानकारी मिलने पर क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही गंगनहर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फुटेज में दिखाई दे रहे संदिग्धों की पहचान करने के प्रयास किए जा रहे हैं। साथ ही उनके आने-जाने के रूट और वाहन की जानकारी भी जुटाई जा रही है। एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने बताया कि ज्वेलर्स की दुकान का शटर तोड़कर चोरी किए जाने की सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई। उन्होंने कहा कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान की जा रही है व घटना के शीघ्र खुलासे के लिए पुलिस की टीमें सक्रिय हैं। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी की वारदात का पर्दाफाश किया जाएगा।

   

सम्बंधित खबर