जबलपुर : इंस्टाग्राम पर पिस्टल लहराकर बनाया वीडियो, युवक गिरफ्तार
- DSS Admin
- May 23, 2026
जबलपुर, 23 मई (हि.स.)। सोशल मीडिया पर पिस्टल लहराते हुए डांस का वीडियो पोस्ट करना एक युवक को भारी पड़ गया। वायरल वीडियो सामने आने के बाद जबलपुर के कैंट थाना पुलिस ने शनिवार को कार्रवाई करते हुए आरोपित को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से पिस्टल बरामद की है।
पुलिस के अनुसार आरोपित की पहचान सदर बाजार निवासी शानू अंसारी के रूप में हुई है। वायरल वीडियो में वह दोस्तों के साथ पार्टी के बाद बीच बाजार में हाथ में पिस्टल लेकर डांस करता और हथियार लहराते हुए दिखाई दे रहा था। बताया गया कि आरोपित ने यह वीडियो खुद अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर अपलोड किया था।
मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर कैंट थाना पुलिस ने आरोपितकी तलाश शुरू की। थाना प्रभारी पुष्पेंद्र पटले ने बताया कि गश्त के दौरान सूचना मिली कि शानू अंसारी पेंटीनाका चौराहे के पास मौजूद है। इसके बाद पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर उसे गिरफ्तार कर लिया।
तलाशी के दौरान आरोपित की कमर से पिस्टल बरामद की गई। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपित पूर्व में भी हथियारों के साथ वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट कर चुका है। उसके खिलाफ कैंट सहित आसपास के थानों में कई आपराधिक मामले दर्ज बताए जा रहे हैं।
पुलिस का कहना है कि आरोपित क्षेत्र में दहशत फैलाने और अपना प्रभाव जमाने के उद्देश्य से हथियारों के साथ वीडियो वायरल करता था। फिलहाल पुलिस ने आरोपित के खिलाफ आर्म्स एक्ट समेत अन्य धाराओं में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

