हरिद्वार, 17 मई (हि.स.)। सोशल मीडिया पर धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाली टिप्पणी करना एक युवक को भारी पड़ गया। मामले की जानकारी मिलते ही लक्सर पुलिस ने तत्काल संज्ञान लेते हुए आरोपित युवक को हिरासत में लेकर विधिक कार्रवाई अमल में लाई। घटना के बाद स्थानीय लोगों में भी आक्रोश देखने को मिला और पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग की गई थी।
पुलिस पूछताछ के दौरान युवक ने अपने किए पर माफी मांगते हुए भविष्य में इस प्रकार की गलती दोबारा न करने का आश्वासन दिया। पुलिस ने युवक को कड़ी चेतावनी देते हुए सोशल मीडिया के जिम्मेदार उपयोग की हिदायत दी।
इस मामले में कोतवाल प्रवीण सिंह कोश्यारी ने कहा कि सोशल मीडिया लोगों को जोड़ने का एक सशक्त माध्यम है, लेकिन इसका इस्तेमाल किसी भी प्रकार का उन्माद फैलाने या धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने के लिए नहीं किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि पुलिस सोशल मीडिया पर लगातार पैनी नजर बनाए हुए है और माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

