दमोह: जन शिकायतों पर कलेक्टर ने किया निरीक्षण, अनियमितताएं मिलने पर शराब दुकान का लाइसेंस निरस्त
- DSS Admin
- Jun 03, 2026

दमोह, 03 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के दमोह जिले में शराब दुकानों के संचालन को लेकर लगातार मिल रही शिकायतों के बीच बुधवार को कलेक्टर प्रताप नारायण यादव ने स्वयं आकस्मिक निरीक्षण किया। इस दौरान गंभीर अनियमितताएं पाए जाने पर देशी-अंग्रेजी कम्पोजिट शराब दुकान दमोह-डी का लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार, प्रशासन को पिछले कुछ समय से आम नागरिकों, सामाजिक संगठनों तथा कलेक्टर कार्यालय के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से लगातार शिकायतें प्राप्त हो रही थीं। शिकायतों में आरोप लगाए जा रहे थे कि कुछ शराब दुकानों पर निर्धारित नियमों का पालन नहीं किया जा रहा है, निर्धारित दरों से अधिक कीमत पर शराब बेची जा रही है तथा कई स्थानों पर अवैध रूप से शराब की बिक्री भी कराई जा रही है।
इन शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए बुधवार कलेक्टर प्रताप नारायण यादव स्वयं संबंधित दुकान पर पहुंचे और मौके पर जांच की। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि जिस स्थान के लिए दुकान का लाइसेंस स्वीकृत किया गया था, उसका संचालन किसी अन्य स्थान से किया जा रहा था। प्रशासनिक जांच में यह भी सामने आया कि दुकान के संचालन के लिए आवश्यक अभिलेख एवं दस्तावेज मौके पर उपलब्ध नहीं थे।
निरीक्षण के दौरान निर्धारित मूल्य से अधिक दरों पर शराब बिक्री, नियमों के अनुरूप साइन बोर्ड का अभाव तथा रजिस्टर एवं अन्य रिकॉर्ड का समुचित संधारण नहीं मिलने जैसी कई अनियमितताएं भी उजागर हुईं। इन तथ्यों को गंभीर मानते हुए जिला प्रशासन ने संबंधित लाइसेंस को तत्काल प्रभाव से निरस्त करने की कार्रवाई की।
कलेक्टर ने कहा कि आमजन से प्राप्त शिकायतों पर प्रशासन पूरी गंभीरता के साथ कार्रवाई कर रहा है। उन्होंने कहा कि कानून और शासन के नियमों का उल्लंघन किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा तथा भविष्य में भी ऐसे मामलों में कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।
कलेक्टर ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों से अवैध शराब बिक्री और युवाओं के नशे की ओर बढ़ते रुझान संबंधी शिकायतें भी लगातार प्राप्त हो रही थीं। कई अभिभावकों ने भी प्रशासन के समक्ष चिंता व्यक्त की थी। इन्हीं शिकायतों के आधार पर यह कार्रवाई की गई है। उन्होंने जिले के सभी लाइसेंसधारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि वे शासन द्वारा निर्धारित नियमों और शर्तों का पूर्णतः पालन करें। यदि किसी भी प्रकार की अनियमितता पाई जाती है तो प्रशासन बिना किसी पूर्व सूचना के निरीक्षण कर सख्त कार्रवाई करेगा।
कलेक्टर ने आम नागरिकों से भी अपील की कि यदि कहीं नियमों का उल्लंघन, अवैध शराब बिक्री या अन्य अनियमित गतिविधियां दिखाई दें तो उनकी जानकारी प्रशासन को दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
---------------

