शिलाबाग इलाके में 60 वर्षीय व्यक्ति का शव मिला, गिरने से मौत की आशंका

नाहन, 07 जुलाई (हि.स.)। जिला सिरमौर के राजगढ़ उपमंडल के अंतर्गत पुलिस चौकी शिलाबाग क्षेत्र में 60 वर्षीय व्यक्ति का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान भगत राम (60) पुत्र स्वर्गीय दीनानाथ, निवासी गांव ननू, डाकघर बलग, तहसील ठियोग, जिला शिमला के रूप में हुई है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार शव कुथल गांव स्थित जनोल घासनी में मिला। सूचना मिलने पर पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी कीं। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) राजगढ़ भेज दिया गया।

प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि व्यक्ति की मौत पहाड़ी क्षेत्र में गिरने के कारण हुई है। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।

पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। मामले की पुष्टि डीएसपी राजगढ़ वीसी नेगी ने की है।

---------------

   

सम्बंधित खबर