धनारजय नदी में दफन था हत्या का राजज़ कुत्तों ने उखाड़ा बालू तो मिली विवाहिता की लाश
- DSS Admin
- Jul 06, 2026
नवादा, 06 जुलाई (हि.स.)। जिले के सिरदला थाना क्षेत्र के राजन पंचायत स्थित पैक्स गोदाम के समीप बैजनाथपुर और राजन गांव के बीच धनारजय नदी में बालू के नीचे दबी एक विवाहिता की लाश मिलने से सोमवार को पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
शव की पहचान अकबरपुर थाना क्षेत्र के धोबघटी गांव निवासी प्रमिला देवी, पति शंकर कुमार के रूप में हुई। प्रमिला की गुमशुदगी को लेकर पहले से अकबरपुर थाना कांड संख्या-319/26 दर्ज है। सूचना मिलते ही
सिरदला थानाध्यक्ष सुरेन्द्र कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। इसके बाद अकबरपुर पुलिस, रजौली अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (डीएसपी) गुलशन कुमार तथा नवादा से पहुंची फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए।
ग्रामीणों के अनुसार सोमवार को कुछ लोग धनारजय नदी किनारे शौच के लिए गए थे। इसी दौरान उनकी नजर एक जगह पर पड़ी, जहां कई कुत्ते बालू को नोच रहे थे और आपस में लड़ रहे थे। पास जाकर देखने पर बालू के नीचे दबा एक महिला का चेहरा दिखाई दिया। शव से तेज दुर्गंध आ रही थी।
इसके बाद ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सिरदला और अकबरपुर पुलिस ने संयुक्त रूप से शव को बालू से बाहर निकलवाया, घटनास्थल की घेराबंदी कर जांच शुरू की । आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए नवादा सदर अस्पताल भेज दिया।
घटनास्थल पर पहुंचे मृतका के पिता उमेश बिन एवं माता मुन्ना देवी, निवासी करमा पांडेय गांव, थाना रफीगंज, जिला औरंगाबाद ने बताया कि लगभग दस वर्ष पूर्व उन्होंने अपनी बेटी प्रमिला की दूसरी शादी शंकर कुमार से कराई थी। प्रमिला का पांच-छह वर्ष का एक पुत्र आदर्श कुमार भी है। परिजनों का आरोप है कि शादी के बाद से ही बेटी को ससुराल में प्रताड़ित किया जाता था और अक्सर विवाद होता रहता था।
मृतका के पिता ने आरोप लगाया कि पति शंकर कुमार, उसके भाई राजेश कुमार, राजन तथा उनके पिता ने मिलकर प्रमिला की हत्या की और साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से शव को सिरदला थाना क्षेत्र स्थित धनारजय नदी में लाकर बालू के नीचे दबा दिया।
उन्होंने बताया कि 2 जुलाई को विवाद की सूचना मिलने पर वे धोबघटी गांव पहुंचे थे। वहां बेटी के घर के बाहर ताला लगा था, जबकि अंदर पंखा चल रहा था। पुलिस की मौजूदगी में घर खोला गया, लेकिन बेटी और दामाद दोनों गायब मिले। इसके बाद 4 जुलाई को अकबरपुर थाना में गुमशुदगी की प्राथमिकी दर्ज कराई गई। सोमवार को शव मिलने की सूचना पर वे सिरदला पहुंचे और मृतका की पहचान उसकी साड़ी तथा हाथ पर बने गोदने (टैटू) से की।
सिरदला थानाध्यक्ष सुरेन्द्र कुमार ने बताया कि ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और विधिसम्मत कार्रवाई की गई। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र किए हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
---------------

