मुस्लिम सेवा संगठन ने गाय को राष्ट्रीय पशु घोषित करने की मांग की
- DSS Admin
- May 28, 2026
देहरादून, 28 मई (हि.स.)। ईद उल अज़हा (बकरा ईद) की नमाज़ के बाद ईदगाह में मुस्लिम सेवा संगठन के उपाध्यक्ष आकिब कुरैशी के नेतृत्व में संगठन के कार्यकर्ताओं ने हाथों में बैनर लेकर गाय को राष्ट्र पशु घोषित करने की मांग की। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रखते हुए सामाजिक सौहार्द, भाईचारे और पशु संरक्षण का संदेश दिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुस्लिम सेवा संगठन के उपाध्यक्ष आकिब कुरैशी ने कहा कि गाय भारतीय संस्कृति, सभ्यता और ग्रामीण अर्थव्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा है। देश के करोड़ों लोग गाय को आस्था और सम्मान की दृष्टि से देखते हैं। उन्होंने कहा कि मुस्लिम समाज हमेशा से आपसी भाईचारे, इंसानियत और देश की एकता का समर्थक रहा है।
आकिब कुरैशी ने कहा कि गाय के संरक्षण को लेकर सरकार को ठोस और प्रभावी कदम उठाने चाहिए तथा गाय को राष्ट्र पशु घोषित किया जाना चाहिए, ताकि उसके संरक्षण और संवर्धन को और मजबूती मिल सके। उन्होंने कहा कि इस पहल का उद्देश्य समाज में सकारात्मक संदेश देना और सभी समुदायों के बीच प्रेम व सौहार्द को बढ़ावा देना है।
इस अवसर पर संगठन के कार्यकर्ताओं ने “गाय को राष्ट्र पशु घोषित करो” जैसे संदेश लिखे प्ले कार्ड हाथों में लेकर अपनी मांग रखी। कार्यक्रम शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ।

