कठुआ के विकास को रफ्तार-विधायक डॉ. भारत भूषण ने 1.57 करोड़ जारी किए
- DSS Admin
- Jul 08, 2026
कठुआ, 08 जुलाई (हि.स.)। विधायक कठुआ डॉ. भारत भूषण ने क्षेत्र के विकास कार्यों को गति देते हुए एक करोड़ 57 लाख रुपये की राशि जारी की है। यह राशि विधायक निधि से विभिन्न विकास कार्यों के लिए स्वीकृत की गई है।
जारी किए गए फंड के तहत बाढ़ प्रभावित परिवारों के लिए 9 आवास इकाइयों का निर्माण, 12 डीप बोरवेल, 8 सुरक्षा (प्रोटेक्शन) कार्य, 13 गलियों, नालों और सड़कों के निर्माण कार्य, एक सिंचाई कार्य तथा लखनपुर स्थित ध्यान चंद मेमोरियल स्टेडियम के प्रवेश द्वार का निर्माण शामिल है। सभी कार्यों की पूर्व जांच और संबंधित विभागों द्वारा अनुमान तैयार करने के बाद ही फंड जारी किया गया है ताकि राशि का सही उपयोग सुनिश्चित हो सके। इस नई स्वीकृति के साथ चालू वित्त वर्ष में विधायक निधि से कुल 2 करोड़ 57 लाख रुपये जारी किए जा चुके हैं।
इससे पहले एक करोड़ रुपये से 15 विभिन्न विकास कार्यों को मंजूरी दी गई थी। अब तक कुल 58 कार्यों को स्वीकृति मिल चुकी है। विधायक डॉ. भारत भूषण ने कहा कि इन विकास कार्यों के पूरा होने से क्षेत्र की जनता को बड़ी राहत मिलेगी खासकर अगस्त 2025 की बाढ़ से प्रभावित क्षेत्रों को इसका सीधा लाभ पहुंचेगा।
---------------

