चंडीगढ़ से गुजरने वाली 22 ट्रेनें रद्द:29 के रूट बदले, दिल्ली-अम्बाला रेलखंड पर 7 दिन का ब्लॉक, गरीब रथ, शताब्दी-वंदे भारत भी प्रभावित
- DSS Admin
- May 30, 2026
दिल्ली-अम्बाला रेलखंड पर शाहाबाद मारकंडा और मोहड़ी रेलवे स्टेशनों के बीच रेलवे के तकनीकी कार्यों के चलते 30 मई से 6 जून तक रेल यातायात प्रभावित रहेगा। इस दौरान चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन से गुजरने वाली कई महत्वपूर्ण ट्रेनें रद्द, डायवर्ट और रिशेड्यूल की गई हैं। उत्तर रेलवे के अंबाला मंडल के अनुसार शाहाबाद मारकंडा और मोहड़ी स्टेशनों पर लूप लाइनों के विस्तार तथा नए इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग (ईआई) सिस्टम को स्थापित करने के लिए 6 दिन का प्री-नॉन इंटरलॉकिंग (पीएनआई) और एक दिन का नॉन-इंटरलॉकिंग (एनआई) ब्लॉक लिया जाएगा। रेलवे की ओर से जारी सूचना के अनुसार इस अवधि में 22 ट्रेनें पूरी तरह रद्द रहेंगी, जबकि 29 ट्रेनों को बदले हुए मार्ग से चलाया जाएगा। इसके अलावा 8 ट्रेनों को रिशेड्यूल और 20 ट्रेनों को रेगुलेट किया गया है। इसका असर चंडीगढ़ से आने-जाने वाले हजारों यात्रियों पर पड़ेगा। गरीब रथ, शताब्दी और वंदे भारत भी प्रभावित अजमेर-चंडीगढ़ गरीब रथ एक्सप्रेस (12983) को 31 मई और 2 जून को रद्द किया गया है। वहीं चंडीगढ़-अजमेर गरीब रथ एक्सप्रेस (12984) 1 और 3 जून को नहीं चलेगी। नई दिल्ली-चंडीगढ़ शताब्दी एक्सप्रेस (12045/12046) और अजमेर-चंडीगढ़ वंदे भारत एक्सप्रेस (20977/20978) को 6 जून को पूरी तरह रद्द रखा गया है। कई लंबी दूरी की ट्रेनों के रूट बदले चंडीगढ़-यशवंतपुर कर्नाटक संपर्क क्रांति एक्सप्रेस (22686) को 2 जून को अंबाला-सहारनपुर-मेरठ-गाजियाबाद मार्ग से चलाया जाएगा। यह ट्रेन इस दौरान पानीपत और नई दिल्ली स्टेशन नहीं जाएगी। इसी प्रकार चंडीगढ़-मडगांव गोवा संपर्क क्रांति एक्सप्रेस (12450) को 1 जून को बदले हुए मार्ग से संचालित किया जाएगा।

