चंडीगढ़ PU में एनआरआई कोटे के नियम सख्त:अब रिश्तेदारों के आधार पर नहीं मिलेगा एडमिशन; सिर्फ माता-पिता की पात्रता मान्य

चंडीगढ़ स्थित पंजाब यूनिवर्सिटी ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए एनआरआई कोटे में दाखिले के नियमों में बड़ा बदलाव किया है। यूनिवर्सिटी प्रशासन ने एनआरआई कोटे के दुरुपयोग को रोकने के लिए पात्रता शर्तों को पहले के मुकाबले अधिक सख्त कर दिया है। अब तक विद्यार्थी चाचा, मामा, दादा-दादी और फर्स्ट कजिन जैसे रिश्तेदारों के आधार पर भी एनआरआई कोटे में आवेदन कर सकते थे। लेकिन नए नियम लागू होने के बाद केवल वास्तविक एनआरआई उम्मीदवार या उनके माता-पिता के आधार पर ही इस कोटे का लाभ मिलेगा। रिश्तेदारों के जरिए दाखिला लेने की व्यवस्था लगभग खत्म कर दी गई है। NRI व उनके बच्चों के लिए आरक्षित पंजाब यूनिवर्सिटी प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि 10 प्रतिशत अतिरिक्त सीटें पहले की तरह एनआरआई और उनके बच्चों के लिए आरक्षित रहेंगी। इसके अलावा 25 प्रतिशत सीटें विदेशी नागरिकों के लिए सुरक्षित रखी गई हैं। दाखिले के लिए विद्यार्थियों को एनआरआई स्टेटस से जुड़े जरूरी दस्तावेज जमा कराने होंगे। इसमें पासपोर्ट, वीजा और विदेश में निवास का प्रमाण शामिल रहेगा। यूनिवर्सिटी ने कहा है कि सभी उम्मीदवारों को भारत सरकार और पंजाब यूनिवर्सिटी द्वारा तय शर्तों का पालन करना अनिवार्य होगा। सुप्रीम कोर्ट एनआरआई कोटे के गलत इस्तेमाल पर जता चुका चिंता यूनिवर्सिटी प्रशासन के अनुसार यह फैसला सुप्रीम कोर्ट की उन टिप्पणियों के बाद लिया गया है, जिनमें एनआरआई कोटे के गलत इस्तेमाल पर चिंता जताई गई थी। इसके बाद पंजाब यूनिवर्सिटी ने नियमों की समीक्षा कर पात्रता को सीमित करने का निर्णय लिया। प्रशासन का मानना है कि इससे दाखिला प्रक्रिया में पारदर्शिता बढ़ेगी और केवल वास्तविक एनआरआई परिवारों को ही इस कोटे का फायदा मिल सकेगा। इंटरनेशनल विद्यार्थियों को विशेष सुविधाएं पंजाब यूनिवर्सिटी में एनआरआई और इंटरनेशनल विद्यार्थियों के लिए अलग हॉस्टल सुविधा उपलब्ध है। यहां करीब 55 कमरे बनाए गए हैं। कुछ गेस्ट रूम में एसी और अटैच वॉशरूम की सुविधा भी दी गई है। हॉस्टल में 24 घंटे वार्डन और स्टाफ तैनात रहता है। विद्यार्थियों के लिए कई सुविधाएं विद्यार्थियों को वाई-फाई इंटरनेट, मेस, डाइनिंग हॉल, कैंटीन, स्वच्छ पेयजल और कूलर जैसी सुविधाएं मिलती हैं। इसके अलावा विजिटर्स लाउंज, कॉमन रूम में अखबार और मैगजीन, एलईडी टीवी और म्यूजिक सिस्टम की व्यवस्था भी की गई है। विद्यार्थियों के लिए इंडोर गेम्स के साथ बैडमिंटन और वॉलीबॉल जैसी खेल सुविधाएं भी उपलब्ध हैं।

   

सम्बंधित खबर