जयपुर में 1-2 जुलाई को होगा 29वां राष्ट्रीय ई-गवर्नेंस सम्मेलन, तैयारियों की समीक्षा
- DSS Admin
- Jun 15, 2026
जयपुर, 15 जून (हि.स.)। ई-गवर्नेंस के क्षेत्र में देश का प्रमुख आयोजन 29वां राष्ट्रीय ई-गवर्नेंस सम्मेलन (एनसीईजी) आगामी 1 और 2 जुलाई को जयपुर स्थित राजस्थान इंटरनेशनल सेंटर (आरआईसी) में आयोजित किया जाएगा। सम्मेलन का आयोजन प्रशासनिक सुधार एवं लोक शिकायत विभाग (डीएआरपीजी), इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय (एमईआईटीवाई) तथा राजस्थान सरकार के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है।
सोमवार को शासन सचिवालय में मुख्य सचिव वी श्रीनिवास की अध्यक्षता में आयोजित समीक्षा बैठक में सम्मेलन की तैयारियों का जायजा लिया गया। मुख्य सचिव ने अधिकारियों को सभी आवश्यक व्यवस्थाएं 19 जून तक पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही आमंत्रण पत्रों के प्रेषण, आउटरीच गतिविधियों, कर्टेन रेजर फिल्म निर्माण और राजस्थान के ई-गवर्नेंस नवाचारों के प्रभावी प्रदर्शन को सुनिश्चित करने के लिए दिशा-निर्देश दिए।
सम्मेलन का उद्घाटन एक जुलाई को मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा करेंगे। उद्घाटन सत्र में सूचना प्रौद्योगिकी एवं संचार मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौड़ भी संबोधित करेंगे।
वहीं 2 जुलाई को समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह में केंद्रीय राज्य मंत्री जितेंद्र सिंह के मुख्य आतिथ्य में राष्ट्रीय ई-गवर्नेंस पुरस्कार 2026 प्रदान किए जाएंगे। दो दिवसीय सम्मेलन की थीम विकसित भारत 2047: एआई एनेबल्ड, डेटा ड्रिवेन एंड सिक्योर डिजिटल गवर्नेंस रखी गई है। इसमें छह पूर्ण सत्र और छह ब्रेकआउट सत्र आयोजित होंगे, जिनमें वरिष्ठ प्रशासक, शिक्षाविद्, उद्योग विशेषज्ञ और नीति निर्माता डिजिटल शासन, कृत्रिम बुद्धिमत्ता, डेटा आधारित निर्णय प्रणाली और ई-गवर्नेंस के नवीनतम रुझानों पर विचार-विमर्श करेंगे।
सम्मेलन का उद्देश्य ई-गवर्नेंस के क्षेत्र में सहयोग को बढ़ावा देना, उत्कृष्ट कार्यों और नवाचारों को मंच प्रदान करना तथा सार्वजनिक सेवा वितरण को अधिक प्रभावी और पारदर्शी बनाने के लिए डिजिटल तकनीकों के उपयोग पर चर्चा करना है।
---------------

