हाथरस, 23 जून (हि.स.)। मथुरा मार्ग पर मंगलवार सुबह एक अनियंत्रित ई-रिक्शा की टक्कर से पांच वर्षीय बालक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे सीएचसी ले जाया गया। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची। घटना सुबह करीब 10 बजे हुई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बालक सड़क किनारे खड़ा था तभी ई-रिक्शा की चपेट में आ गया। टक्कर लगने से वह सड़क पर गिर पड़ा और उसके पेट के दाहिने हिस्से में चोट आई। स्थानीय लोगों ने तुरंत उसे अस्पताल पहुंचाया। शुरुआत में बालक अपना नाम और पता बताने में असमर्थ था, जिससे उसकी पहचान नहीं हो पाई थी। पुलिस ने आसपास के क्षेत्रों में पूछताछ की। कुछ समय बाद घायल बालक की पहचान रणवथोर सिंह पुत्र भरथरी उर्फ भालू, निवासी विजय नगर, भीलवाड़ा-अजमेर राजस्थान के रूप में हुई। रणवथोर सिंह का परिवार राजस्थान से सादाबाद आया हुआ है। वे नगर और आसपास के क्षेत्रों में रस्सी के करतब और खेल तमाशे दिखाकर अपनी आजीविका चलाते हैं। घटना के समय परिवार के सदस्य अपने काम में व्यस्त थे और बालक उनके पास से निकलकर सड़क की ओर चला गया था। बालक की पहचान होने के बाद उसके माता-पिता और अन्य परिजन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे। परिजनों ने बताया कि वे कई दिनों से सादाबाद क्षेत्र में डेरा डाले हुए हैं। बेटे के घायल होने की खबर मिलते ही परिवार में अफरा-तफरी मच गई। सीएचसी के चिकित्सकों ने घायल बालक का उपचार किया। चिकित्सकों के अनुसार, बालक के पेट के दाहिने हिस्से में चोट लगी है, लेकिन उसकी हालत फिलहाल खतरे से बाहर है।

