शिक्षा मंदिर तरूण हिमालय इंटर कॉलेज को मिला नया नेतृत्व, त्रिलोक प्रधानाचार्य नियुक्त
- DSS Admin
- May 27, 2026
हरिद्वार, 27 मई (हि.स.)। राज्य आन्दोलनकारी एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री स्व दिवाकर भट्ट द्वारा वर्ष 1970 में स्थापित प्रतिष्ठित सामाजिक एवं शैक्षिक संस्था तरूण हिमालय द्वारा संचालित शिक्षा मंदिर तरूण हिमालय इंटर कॉलेज को नया नेतृत्व मिल गया है। समाजसेवी, साहित्यकार व शिक्षाविद् त्रिलोक चन्द्र भट्ट ने विद्यालय के प्रधानाचार्य पद का कार्यभार ग्रहण किया।
विद्यालय के प्रबंधक बलदेव सिंह रावत एवं प्रबंध मंडल के पदाधिकारियों ने उन्हें नियुक्ति पत्र सौंपकर विधिवत दायित्व ग्रहण कराया। संस्था की ओर से बताया गया कि शिक्षा, साहित्य, संस्कृति और सामाजिक क्षेत्र में उनके दीर्घकालिक योगदान तथा संगठनात्मक अनुभव को देखते हुए यह जिम्मेदारी सौंपी गई है।
विद्यालय परिसर में आयोजित बैठक में अध्यापक - अध्यापिकाओं एवं कर्मचारियों ने नवनियुक्त प्रधानाचार्य का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। इस दौरान त्रिलोक चन्द्र भट्ट ने कहा कि शिक्षा केवल परीक्षा पास करने का माध्यम नहीं, बल्कि आदर्श समाज और राष्ट्र निर्माण की आधारशिला है। उन्होंने गरीब और जरूरतमंद बच्चों तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पहुंचाने को संस्था की प्राथमिकता बताया।
उन्होंने शिक्षकों से विद्यार्थियों में संस्कार, अनुशासन, नैतिकता और राष्ट्रभक्ति की भावना विकसित करने का आह्वान किया। साथ ही बेहतर परीक्षा परिणाम और प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता के लिए सामूहिक प्रयासों पर जोर दिया।
विद्यालय के प्रबंधक बलदेव सिंह रावत ने कहा कि शिक्षा मंदिर तरूण हिमालय इंटर कॉलेज केवल शिक्षण संस्थान नहीं, बल्कि सामाजिक चेतना और संस्कारों का केंद्र है। वहीं संस्था के अध्यक्ष गंगादत्त शर्मा ने विश्वास जताया कि त्रिलोक चन्द्र भट्ट के नेतृत्व में विद्यालय नई उपलब्धियां हासिल करेगा।
इस अवसर पर प्रबंध मंडल के कई पदाधिकारी, शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं विद्यालय परिवार के सदस्य उपस्थित रहे।

