अक्टूबर महीने की शुरुआत में गर्मी ने तीखे तेवर दिखाने शुरू किए जैसलमेर में

जैसलमेर, 4 अक्टूबर (हि.स.)। जैसलमेर में अक्टूबर महीने की शुरुआत में गर्मी ने तीखे तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। तापमान 39 डिग्री के पार चल रहा है। ऐसे में तेज धूप और गर्मी ने सबको परेशान कर दिया है। मौसम विभाग की मानें तो अब बारिश के आसार नहीं हैं। ऐसे में गर्मी का असर बढ़ने की संभावना है।

गौरतलब है कि प्रदेश भर में मानसून की विदाई के बाद मौसम साफ हो गया है। वहीं जैसलमेर जिले में तापमान में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। इसके साथ ही उमस ने भी लोगों का हाल बेहाल कर रखा है। शुक्रवार को सुबह से ही तेज धूप खिली रही। वहीं उमस ने लोगों के पसीने छुड़ा दिए।

आमतौर पर नवरात्र के दिनों में सुबह व रात में हल्की हल्की सर्दी का एहसास हो जाता है। इस बार गर्मी अपने तेवर दिखा रही है। शुक्रवार को दिन का पारा स्थिर रहा। वहीं रात के पारे में 1 डिग्री की गिरावट हुई। पिछले तीन दिनों रात के पारे में लगातार गिरावट हो रही है। रात का पारा 27 डिग्री से 24 डिग्री पर पहुंच चुका है। जिससे रात में लोगों को गर्मी से राहत मिली है। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 39.2 डिग्री व न्यूनतम तापमान 24.6 डिग्री दर्ज किया गया।

4 दिन मौसम रहेगा साफ

प्रदेश से मानसून की विदाई हो चुकी है। आगामी चार दिनों तक बारिश की संभावना नहीं है। कृषि मौसम वैज्ञानिक अतुल गालव ने बताया कि 7 अक्टूबर तक मौसम शुष्क रहेगा। साथ ही पारा 40 डिग्री के आसपास रहेगा। जिससे गर्मी से राहत मिलने की संभावना कम है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / चन्द्रशेखर

   

सम्बंधित खबर