महिलाओं के आरक्षण से जुडा विधेयक पास नहीं कर रहा केंद्र : लांबा
- Admin Admin
- Dec 01, 2025
रांची, 1 दिसंबर (हि.स.)। कांग्रेस की राष्ट्रीय महिला कांग्रेस अध्यक्ष अलका लांबा ने कहा कि बाबा साहेब अंबेडकर ने संविधान में महिलाओं को पुरुषों के बराबर मतदान का अधिकार दिया है। कांग्रेस और पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी ने सत्ता में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण का प्रावधान किया जिसका परिणाम है कि आज पूरे देश में लगभग 15 लाख महिलाएं सरपंच, मुखिया और पार्षद सहित अन्य पदों पर हैं।
उन्होंने कहा कि संसद से सांसद और विधानसभा में महिलाओं का आरक्षण का विधेयक पास हुआ, लेकिन केंद्र सरकार इस कानून को लागू नहीं कर रही है, जो महिलाओं के साथ धोखा है।
लांबा सोमवार को श्रद्धानंद रोड स्थित कांग्रेस भवन में आयोजित प्रेस वार्ता में बोल रही थीं।
उन्होंने विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआइआर) ने कहा कि केंद्र की नीतियों के खिलाफ देशव्यापी आंदोलन तेज होगा। उन्होंने एसआइआर को लेकर 14 दिसंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में विरोध प्रदर्शन किया जाएगा, जिसमें देशभर से कार्यकर्ता जुटेंगे।
उन्होंने कहा कि हम चुनाव जीतें या हारें, लेकिन एसआइआर का विरोध जारी रहेगा, क्योंकि यह संविधान विरोधी है। इसकेे पूर्व पदभार ग्रहण समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष रमा खलखो ने निवर्तमान अध्यक्ष गुंजन सिंह से पदभार लिया।
मौकेे पर लांबा ने कहा कि महिला कांग्रेस का मकसद देश की आधी आबादी को सशक्त बनाना है। संगठन का नवनिर्माण पूरे प्रदेश स्तर पर नए सिरे से होगा। महिलाओं के साथ होने वाले अन्याय पर रोक लगाने के लिए पूर्ण रूप से महिला आयोग का राज्य में गठन होना चाहिए। उन्होंने कहा कि झारखंड में जल्द से जल्द महिला आयोग का गठन होना चाहिए।
संगठन को समाज के निचले स्तर तक लेकर जाएं महिला अध्यक्ष : कमलेश
वहीं प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने कहा कि संगठन में महिलाओं की भूमिका अहम होती है इसलिए महिला कांग्रेस की मजबूती में ही कांग्रेस की मजबूती है। कमलेश ने कहा कि नवनियुक्त अध्यक्ष से उम्मीद है कि वे संगठन को समाज के निचले स्तर तक ले जाएंगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सरकार की महिला सशक्तिकरण के लिए चलाई जा रही योजनाओं को संगठन के माध्यम से दिलाने का प्रयास करने को कहा। वहीं प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष रमा खलखो ने कहा कि संगठन के रूप में मिली चुनौतियों को पूरा करना उनका लक्ष्य होगा।
उन्होंने कहा कि झारखंड में महिलाओं का सशक्त संगठन खड़ा करना सामूहिक लक्ष्य है। रमा ने कहा कि समाज की आधी आबादी के बीच पहुंचकर हमें उनका विश्वास पाना होगा। संगठन का मूल्य उद्देश्य महिलाओं की समस्याओं को जानना और उसके निराकरण की दिशा में कार्य करना है तभी हम हम संगठन पर उनका भरोसा बढ़ा सकते हैं।
कार्यक्रम को मंत्री दीपिका पांडे सिंह, मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की, मंत्री इरफान अंसारी, रविंद्र सिंह और प्रदीप कुमार बालमुचू ने भी संबोधित किया।
कार्यक्रम में पूर्व अध्यक्ष गुंजन सिंह, आभा सिन्हा, सुंदरी तिर्की, बॉबी भगत, मीनू सिंह, सविता कुजूर, नीतू देवी, मेरी तिर्की सहित दर्जनों महिला कार्यकर्ता उपस्थित थीं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak



