बरारी में तेंदुए का आतंक, मवेशी को बनाया शिकार

धमतरी, 4 अक्टूबर (हि.स.)। धमतरी शहरी सीमा से लगे हुए और रूद्री बैराज से सटे ग्राम बरारी में तेंदुए का आतंक जारी है। रात में एक मवेशी को फिर अपना शिकार बनाकर मार डाला। तेंदुए के गांव पहुंचने से ग्रामीणों में दहशत है। वन विभाग की टीम शुक्रवार काे गांव पहुंचकर ग्रामीणों से पूछताछ कर बच्चों को सुरक्षित रखने कहा है। घटना की जानकारी के बाद वन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी तेंदुए पर नजर रखे हुए है।

ग्राम पंचायत बरारी निवासी व यादव समाज के जिलाध्यक्ष जोहन सिंह यादव ने बताया कि ग्राम बरारी व कोटाभर्री क्षेत्र में लंबे समय से तेंदुए का आतंक है। समय-समय पर क्षेत्र में दिखाई देता है। तीन अक्टूबर की रात तेंदुए ने बरारी निवासी विष्णुराम धु्रव पुत्र लतखोर धु्रव के मवेशी पर हमला करके उसे जान से मार डाला। सुबह जब ग्रामीणों ने मृत मवेशी को देखा, तो घटना की जानकारी वन विभाग को दी। वन विभाग की टीम में शामिल राकेश रंगारे समेत अन्य गांव पहुंचकर मृत मवेशी का पंचनामा करके ग्रामीणों को तेंदुए से बच्चों को सुरक्षित रखने कहा है। गांव के मवेशी चरवाहा कृष्णा यादव ने तेंदुए को देखा है। मवेशी चराने के दौरान तेंदुए तीन से चार मवेशियों को शिकार बनाने की कोशिश किया, लेकिन तेंदुए को कृष्णा ने डराकर भगाया है। वहीं एक कुत्ते को भी उठाकर ले जा रहा था, जिसे छुड़ाकर उसकी जान बचाई। ग्रामीण जोहन सिंह यादव, कमलेश धु्रव, भगेल यादव, गनपत मंडावी ने बताया कि इससे पहले भी कई ग्रामीणों के मवेशियों को तेंदुए अपना शिकार बना चुका है। वहीं कई घरों के मुर्गियों को भी खाया है, इससे ग्रामीण दहशत में है। वन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी तेंदुए दिखाई देने की खबर के बाद रात में ड्यूटी करके तेंदुए पर नजर बनाए हुए है।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

   

सम्बंधित खबर