झारखंड में कड़ाके की ठंड, गुमला में तापमान 3 डिग्री तक पहुंचा, शीतलहर का येलो अलर्ट जारी
- Admin Admin
- Dec 06, 2025
रांची, 6 दिसंबर (हि.स.)। झारखंड में शीतलहर का असर लगातार बढ़ता जा रहा है। राज्य के कई जिलों में तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है। गुमला में न्यूनतम तापमान गिरकर 3 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है, जबकि रांची के कांके क्षेत्र में तापमान 4 डिग्री दर्ज किया गया है। मौसम विभाग ने शनिवार को यह जानकारी दी।
मौसम विभाग के अनुसार, रविवार को भी राज्य के पश्चिमी जिलों—पलामू, गढ़वा, लातेहार और चतरा के साथ मध्यवर्ती क्षेत्रों गुमला, लोहरदगा और सिमडेगा में शीतलहर का असर बना रहेगा। इसे देखते हुए विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है।
विभाग ने राज्य के अन्य जिलों में भी ठंड बढ़ने की संभावना जताते हुए लोगों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है।
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, उत्तर भारत में हो रही भारी बर्फबारी के कारण पूर्वी और मध्य भारत में ठंडी व नमीयुक्त हवाएं पहुंच रही हैं, जिससे तापमान में तेजी से गिरावट दर्ज की जा रही है।
पिछले 24 घंटों में राज्य का अधिकतम तापमान सामान्य से औसतन 1.5 डिग्री कम और न्यूनतम तापमान सामान्य से 1.6 से 3 डिग्री कम रिकॉर्ड किया गया। इस अवधि में राज्य में सबसे अधिक तापमान 29.1 डिग्री गोड्डा में, जबकि सबसे कम 3 डिग्री गुमला में दर्ज किया गया।
राजधानी रांची में अधिकतम तापमान 23.6 डिग्री और न्यूनतम 10.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। जमशेदपुर में अधिकतम तापमान 26.9 और न्यूनतम 9.4 डिग्री, जबकि डालटनगंज में 26.7 और 6.1 डिग्री दर्ज किया गया।
बोकारो में अधिकतम तापमान 23.4 और न्यूनतम 8.5 डिग्री, चाईबासा में 27.8 और 10.2 डिग्री तथा खूंटी में 25.3 और 5.4 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। इसके अलावा लोहरदगा में अधिकतम तापमान 22.3 और न्यूनतम 8.5 डिग्री रहा, जबकि लातेहार में अधिकतम तापमान 20.3 डिग्री और न्यूनतम 9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak



