मोबाइल दुकान की आड़ में फर्जी आधार और जन्म प्रमाण पत्र बनाने का आरोप, युवक गिरफ्तार

बोलपुर (बीरभूम), 27 मई (हि. स.)। मोबाइल दुकान की आड़ में फर्जी आधार कार्ड और जाली जन्म प्रमाण पत्र बनाने के आरोप में बोलपुर थाने की पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपित की पहचान भूदेव बाला उर्फ रतन के रूप में हुई है। उसका घर बोलपुर के कांंकुटिया इलाके में बताया गया है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, आरोपित लंबे समय से मोबाइल दुकान की आड़ में फर्जी दस्तावेज तैयार करने का काम कर रहा था। गुप्त सूचना पाकर बुधवार सुबह बोलपुर थाना की पुलिस ने छापेमारी की और मौके से उसे गिरफ्तार कर लिया।

तलाशी अभियान के दौरान पुलिस ने कई फर्जी आधार कार्ड और जाली जन्म प्रमाण पत्र भी बरामद किए हैं। पुलिस का मानना है कि इस मामले में किसी बड़े गिरोह के शामिल होने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता।

प्राथमिक जांच में पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि गिरफ्तार युवक किसी अन्य फर्जी दस्तावेज तैयार करने वाले नेटवर्क से जुड़ा हुआ है या नहीं। पूरे मामले की जांच बोलपुर थाना पुलिस कर रही है।

---------------

   

सम्बंधित खबर