लखीमपुर खीरी में बच्चे की मौत के बाद जगा वन विभाग, लगाए पिंजरे व कैमरे

10 वर्षीय बच्चे की मौत के बाद जगा वन विभाग, लगाए पिंजरे व कैमरे10 वर्षीय बच्चे की मौत के बाद जगा वन विभाग, लगाए पिंजरे व कैमरे

लखीमपुर खीरी, 07 अक्टूबर (हि.स.)। जनपद में गंगाबेहड़ गांव में तेंदुए के हमले से बच्चे की मौत के मामले में आक्रोशित ग्रामीणों द्वारा पुलिस व वन विभाग की टीम पर किए गए पथराव के बाद वन महकमा हरकत में आ गया है। तेंदुए को पकड़ने के लिए वन विभाग ने टीम को तैनात कर दिया गया है। जिसके द्वारा पिंजरे एवं कैमरे भी लगाए गए हैं।

प्रभागीय वन अधिकारी दक्षिण खीरी वन विभाग संजय कुमार बिस्वाल ने सोमवार की सुबह जानकारी देते हुए बताया कि थाना फूलबेहड़ के अंतर्गत शारदानगर वन रेंज के गंगाबेहड़ गांव में तेंदुए के हमले से 10 वर्षीय बच्चे की मौत के बाद ग्रामीणों द्वारा पुलिस और वन विभाग की टीम पर आक्रोश के चलते पथराव किया गया था।

इसके बाद ग्रामीणों को समझा कर क्षेत्रीय वन अधिकारी शारदानगर रेंज वन कर्मियों व पुलिस अधिकारियों के साथ रविवार को ही घटनास्थल पर पहुंचे थे और गन्ने के खेत से 10 वर्षीय छोटू व अल्तमस पुत्र मुनव्वर निवासी गंगाबेहड़ का शव बरामद कर लिया था। तेंदूए द्वारा मृतक को खेत में खींच कर ले जाने के साक्ष्य भी मिले थे। इसके बाद वन्य जीव को पकड़ने के लिए वन विभाग द्वारा दो पिंजरे व कैमरे लगाए गए हैं।

मुख्य वन संरक्षक लखनऊ मंडल लखनऊ एवं उच्च अधिकारियों के निर्देश पर प्रभावित क्षेत्र में 24 घंटे वन कर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। वहीं वन्य जीव विचरण की मॉनिटरिंग के साथ-साथ वन्य जीव संघर्ष की रोकथाम के लिए जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए गए, जिनके अंतर्गत लोगों को जागरूक किया जा रहा है। जल्द ही हमला करने वाले वन्य जीव को पकड़ लिया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / देवनन्दन श्रीवास्तव

   

सम्बंधित खबर