विश्व साइकिल दिवस पर बीकानेर में विशाल साइकिल रैली का आयोजन रविवार को

बीकानेर, 06 जून (हि.स.)। भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय तथा भारतीय खेल प्राधिकरण के तत्वावधान में विश्व साइकिल दिवस के उपलक्ष्य में रविवार, 7 जून को प्रातः 6 बजे जिला मुख्यालय पर विशाल साइकिल रैली का आयोजन किया जाएगा।

जिला खेल अधिकारी सुरेन्द्र हर्ष ने बताया कि यह आयोजन फिट इंडिया मूवमेंट के अंतर्गत देशभर में चलाए जा रहे साइकिलिंग अभियान का हिस्सा है, जिसका उद्देश्य स्वस्थ जीवन शैली, पर्यावरण संरक्षण और फिटनेस के प्रति जन जागरूकता बढ़ाना है।

जिला खेल अधिकारी ने बताया कि कि कार्यक्रम के मुख्य अतिथि केंद्रीय विधि एवं न्याय व संसदीय कार्य राज्य मंत्री अर्जुन राम मेघवाल होंगे। रैली में बड़ी संख्या में साइकिल चालक, युवा, विद्यार्थी, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी तथा आमजन भाग लेंगे।

हर्ष ने बताया कि राजस्थान पुलिस मुख्यालय द्वारा भी विश्व साइकिल दिवस के अवसर पर राज्य के सभी पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश जारी किए गए हैं। इसी क्रम में बीकानेर जिले में पुलिस विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भी रैली में शामिल होने के लिए प्रेरित किया गया है।

जिला साइकिलिंग संघ के सचिव सुरेन्द्र कुकणा ने बताया कि साइकिल रैली का शुभारंभ गंगा थिएटर, पब्लिक पार्क से होगा। निर्धारित मार्ग के अनुसार प्रतिभागी गंगा थिएटर से रवाना होकर जूनागढ़ फोर्ट, तीर्थम चौक, डॉ. करणी सिंह स्टेडियम, वीर दुर्गादास सर्किल, म्यूजियम सर्किल, मेजर पूर्ण सिंह सर्किल, भ्रमण पथ, गांधी पार्क और विजय कीर्ति स्तंभ होते हुए पुनः गंगा थिएटर पहुंचेंगे।

जिला खेल अधिकारी ने बताया कि आयोजन को सफल बनाने के लिए जिला प्रशासन, पुलिस विभाग, नगर निगम, खेल विभाग तथा विभिन्न सरकारी विभागों को जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। विभागवार सहभागिता लक्ष्य भी निर्धारित किए गए हैं, जिनके तहत पुलिस विभाग, नगर निगम, शिक्षा विभाग, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग, बीकानेर विकास प्राधिकरण, जिला परिषद, उद्योग विभाग, कृषि विभाग, पर्यटन विभाग सहित विभिन्न संस्थाओं के अधिकारी एवं कर्मचारी रैली में भाग लेंगे।

जिला प्रशासन एवं आयोजकों ने नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में रैली में शामिल होकर “फिट इंडिया, स्वस्थ भारत” के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया है। आयोजन के दौरान यातायात, सुरक्षा एवं चिकित्सा संबंधी सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी, जिससे प्रतिभागियों को सुरक्षित एवं उत्साहपूर्ण वातावरण उपलब्ध हो सके।

---------------

   

सम्बंधित खबर