हल्द्वानी की घटना को साम्प्रदायिक रंग देने का प्रयास दुर्भाग्यपूर्ण: हृदयेश
- Admin Admin
- Nov 17, 2025
हल्द्वानी, 17 नवंबर (हि.स.)। हल्द्वानी में कल सायं गोवंश का सिर मिलने के बाद हल्द्वानी शहर में पैदा हुई तनाव की स्थिति पर शहर विधायक सुमित हृदयेश ने चिंता जताई है। विधायक सुमित हृदयेश ने कहा कि हल्द्वानी के एक क्षेत्र से प्राप्त समाचार के बाद शहर में अफ़वाहों का माहौल गर्म हो गया। कुछ तत्वों ने इस घटना को साम्प्रदायिक रंग देने का भी प्रयास किया, जो अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है।
उन्होंने कहा कि मैं समस्त हल्द्वानी वासियों से अपील करता हूँ कि शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखें तथा किसी भी तरह की अफ़वाहों पर ध्यान न दें। इस पूरे प्रकरण पर मेरी जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से विस्तारपूर्वक फोन पर बातचीत हुई है। प्रशासन और पुलिस दोनों स्थिति पर कड़ी निगरानी बनाए हुए हैं। पुलिस के पास संबंधित फुटेज और आवश्यक साक्ष्य उपलब्ध हैं, जिनकी गहन जांच जारी है।
हिन्दुस्थान समाचार / अनुपम गुप्ता



