
- मंत्रियों के अंदाज में सवालों के जवाब देते नजर आए विद्यार्थी
- विधान सभा उपाध्यक्ष डॉ. कृष्ण मिड्ढा ने किया उत्साहवर्धन
चंडीगढ़, 02 अप्रैल (हि.स.)। हरियाणा विधानसभा का सदन बुधवार को युवा ऊर्जा से लबरेज दिखाई दिया। विधायकों के अंदाज में युवा विद्यार्थी सवालों की बौछार करते रहे, तो सत्ता पक्ष की सीटों पर बैठे विद्यार्थी मंत्रियों के अंदाज में उनके प्रश्नों का जवाब देते नजर आए। विधानसभा उपाध्यक्ष डॉ. कृष्ण मिड्ढा उनका उत्साहवर्धन करते हुए मार्गदर्शक की भूमिका में रहे। मौका था राजधानी युवा संसद की ओर से आयोजित हरियाणा युवा संवाद का। दो दिन तक चलने वाले इस कार्यक्रम में गुरुवार को विधान सभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण अध्यक्षता करेंगे।
बुधवार को उद्घाटन समारोह में विधानसभा उपाध्यक्ष डॉ. कृष्ण मिड्ढा ने ‘हरियाणा युवा संवाद’ को दूरदर्शी, विचारोत्तेजक और नवाचारी प्रयोग बताते हुए इसकी आयोजक संस्था राजधानी युवा संसद को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यहां राज्य के भविष्य निर्माण का सपना बुना जाता है और उसे पूरा किया जाता है। यह विचार-विमर्श का स्थान होने के साथ-साथ भविष्य के लिए नीतियों की प्रयोगशाला है। अगर भविष्य को देखना है, तो युवाओं की आंखों में झांकिए। देश को बदलना है, तो युवाओं के दिल में झांकिए। डॉ. मिड्ढा ने कहा कि आज भारत की औसत उम्र 29 साल है। इसका मतलब है कि आज का भारत युवा है, जोश में है, और बहुत कुछ कर गुजरने को तैयार है। युवाओं को सिर्फ नौकरियों के पीछे भागने की बजाय रोजगार पैदा करने वाले बनना चाहिए।
सोशल मीडिया पर शिकायत करने की बजाय समाज को बदलने के लिए आगे आएं। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व शिक्षा मंत्री एवं विधायक गीता भुक्कल ने कहा कि राजनीति सेवा का माध्यम है, लेकिन हमें अच्छा नेता बनने से पहले अच्छा इंसान बनना चाहिए। उन्होंने कहा कि अच्छे युवाओं के राजनीति में आने से समाज में नेताओं के प्रति सोच में सकारात्मक बदलाव आएगा। बेटियों की उपलब्धियों को समाज का गौरव और मूल्य समझना होगा। राजधानी युवा संसद के सह संस्थापक एडवोकेट जय सैनी और एडवोकेट ईशा कपूर ने बताया कि इस कार्यक्रम के लिए 60 प्रतिभागियों का चयन किया है। इन सभी युवा प्रतिभागियों ने हरियाणा के विकास पर रचनात्मक विचार प्रस्तुत किए। विधान सभा सदन में हरियाणा के विकास में डिजिटलाइजेशन की भूमिका, डिजिटल गांवों की अवधारणा का क्रियान्वयन आदि विषयों पर चर्चा हुई। दूसरा विषय, प्रगतिशील हरियाणा के लिए महिलाओं को अधिक सशक्त बनाने संबंधी रहा। इसके अंतर्गत विकास के स्तंभ के रूप में लैंगिक समानता पर चर्चा हुई।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा