हरियाणा के 20 विधानसभा हलकों में होगी 83 सड़काें की मरम्मत

सीएम सैनी ने 188 किलोमीटर लंबी सड़काें के लिए मंजूर किए 77 करोड़

चंडीगढ़, 6 फरवरी (हि.स.)। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने प्रदेश के 20 विभिन्न निर्वाचन क्षेत्रों की 83 सड़काें की विशेष मरम्मत व सुधार के लिए 77 करोड़ 45 लाख रुपये से अधिक की राशि को प्रशासनिक मंजूरी प्रदान की है। इन सड़काें की लंबाई 188 किलोमीटर से अधिक है। सरकारी प्रवक्ता ने गुरुवार को जानकारी देते हुए बताया कि प्रदेश के विकास के लिए सड़काें का निर्माण बेहद महत्वपूर्ण है। सड़कें केवल यातायात के साधन ही नहीं होतीं, बल्कि वे समाज और अर्थव्यवस्था के विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। अच्छी सड़कें विकास को तेज रफ्तार देती हैं।

हमारी डबल इंजन की सरकार प्रदेश में सड़काें के विकास के लिए संकल्पित है। निश्चय ही इस स्वीकृति से प्रदेश के आवागमन, औद्योगिक एवं व्यापारिक गतिविधियों को सरल और सुविधाजनक बनाने में मदद मिलेगी। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने रादौर निर्वाचन क्षेत्र की 16 सड़काें की विशेष मरम्मत व सुधार के लिए 1048.76 लाख रुपये की राशि को स्वीकृति प्रदान की है। जिनकी लम्बाई 26.92 किलोमीटर है। इसके अलावा, समालखा निर्वाचन क्षेत्र के अंतर्गत 15 सड़काें के लिए 1160.39 लाख रुपये की राशि को भी मंजूर किया गया है। जिनकी लम्बाई 26 किलोमीटर से अधिक है।

उन्होंने बताया कि सिरसा निर्वाचन क्षेत्र की 14 सड़काें के लिए 1438.80 लाख रुपये की राशि को प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की है। जिनकी लम्बाई 26.61 किलोमीटर है। इसके अतिरिक्त, मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने एससीएसपी योजना के तहत बरवाला निर्वाचन क्षेत्र की 4 विभिन्न सड़काें के लिए 905.39 लाख रुपये की राशि को भी मंजूर किया है। इन सड़काें की लंबाई 16.85 किलोमीटर है।

प्रवक्ता ने बताया कि मुख्यमंत्री ने फतेहाबाद जिलें की टोहाना, रतिया और फतेहाबाद निर्वाचन क्षेत्र की 9 सड़काें के लिए 860.44 लाख रुपये की राशि को मंजूरी प्रदान की है। जिनकी लम्बाई 37.90 किलोमीटर है। इन सड़काें में टोहाना निर्वाचन क्षेत्र की 3 सड़काें के लिए 233.83 लाख रुपये, रतिया निर्वाचन क्षेत्र की 5 सड़काें के लिए 344.67 लाख रुपये और फतेहाबाद निर्वाचन क्षेत्र की एक सड़क के लिए 281.54 लाख रुपये की राशि को स्वीकृति प्रदान की है।

उन्होंने बताया कि गुहला व उचाना निर्वाचन क्षेत्र की 6 सड़काें के लिए 573.52 लाख रुपये की राशि को स्वीकृति प्रदान की है। जिनकी लम्बाई 16.52 किलोमीटर है। गुहला निर्वाचन क्षेत्र की 4 सड़काें के लिए 484.07 लाख रुपये तथा उचाना निर्वाचन क्षेत्र की 2 सड़काें के लिए 89.95 लाख रुपये की राशि को मंजूर किया गया है। प्रवक्ता ने बताया कि कलानौर, महम, गढ़ी सापला किलोई, बादली, बेरी, इन्द्री, मुलाना निर्वाचन क्षेत्रों की 10 सड़काें के लिए 860 लाख रुपये की राशि को स्वीकृति प्रदान की है। इन 10 सड़काें की कुल लम्बाई 24.64 किलोमीटर है। इसके अलावा, पटौदी, पेहवा, रानिया और सोहना निर्वाचन क्षेत्र की 9 सड़काें के लिए 897.18 लाख रुपये की राशि को मंजूर किया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

   

सम्बंधित खबर