रामनगर में नगर पालिका बहाल करने के लिए प्रति​निधि मंडल अजय राय से मिला

—कांग्रेस ने दिया आंदोलन को समर्थन,गांधीवादी तरीके से लड़ाई जारी रहेगी

वाराणसी,01 अक्टूबर (हि.स.)। रामनगर में नगर पालिका बहाली के लिए संघर्ष समिति के सदस्यों ने मंगलवार को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय से मुलाकात की। समिति के प्रतिनिधि मंडल ने प्रदेश अध्यक्ष से समर्थन मांग उन्हें ज्ञापन सौंपा। प्रदेश अध्यक्ष ने आंदोलन को पूरा समर्थन देकर कहा ​कि निश्चित रूप से रामनगर के नागरिकों के साथ प्रदेश सरकार ने अन्याय किया है। नगर पालिका को नगर निगम में मिला लिया है। इसे बर्दाश्त नहीं किया जा सकता । नगर निगम महानगर की व्यवस्था में ही पूरी तरह से फेल है । वह रामनगर का क्या विकास करेगा।

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि नगर पालिका बहाल करो संघर्ष समिति के गांधीवादी तरीके से चलाए जा रहे आंदोलन को पूरी प्रदेश कांग्रेस कमेटी समर्थन देती है। साथ ही, पार्टी हर तरह से संघर्ष समिति को सहयोग देती रहेगी। महानगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे ने कहा कि नगर की जनता के हित में नगर पालिका बहाल करो संघर्ष समिति द्वारा चलाया जा रहा आंदोलन सर्वथा उचित है। महानगर कांग्रेस कमेटी इस आंदोलन को भरपूर समर्थन देती है और जब भी आवश्यकता पड़ेगी महानगर कमेटी रामनगर की जनता के साथ मजबूती से खड़ी रहेगी ।

प्रतिनिधिमंडल में संघर्ष समिति के अध्यक्ष सतनाम सिंह, सह संयोजक शमशाद खान ,विपिन सिंह ,सुजीत सिंह ,इश्तियाक अहमद, जितेंद्र यादव, संगीता पटेल, इस्लाम अंसारी, यासीन राईन, विनय मौर्य, श्याम कुमार विश्वकर्मा ,धर्मराज,रोहित सोनकर आदि शामिल रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

   

सम्बंधित खबर