विधवा ने फांसी लगाकर दे दी अपनी जान

जालौन, 01 अक्टूबर (हि.स.)। थाना रामपुरा के ग्राम टीहर की रहने वाली एक विधवा महिला सोनम ने ससुराल में मंगलवार को फांसी लगाकर जान दे दी। उसकी शादी दो साल पहले हुई थी।

परिजनों ने बताया कि सोनम का मायका इटावा में है। उसकी शादी 25 जनवरी 2022 को अमन से हुई थी। एक साल पहले करंट की चपेट में आने से अमन की मौत हो चुकी थी। इसके बाद से सोनम अपने पिता के पास विठौली जाकर रहने लगी। चार भाइयों के बीच इकलौती बहन का मायके में खूब ख्याल रखा जाने लगा। इसी बीच सोनम के पिता रामनारायण दुबे का भी देहांत हो गया। अपने पति एवं पिता के निधन के बाद वह मायके विठौली एवं ससुराल टीहर दोनों जगह पर दो-दो माह रहने लगी थी।

सोनम के ससुर वीरेंद्र कुमार शुक्ला के बड़े भाई रामबाबू शुक्ला का निधन 30 सितंबर को टीहर में हो गया था। ये खबर सुनकर सोनम अपने ससुराल टीहर आई थी। घटना के समय सोनम को छोड़कर पूरा परिवार रामबाबू शुक्ला के घर पर ही मौजूद था। मंगलवार दोपहर सुनसान घर पाकर साेनम ने रामनवमी गमछा से फंदा बना फांसी लगा ली।

घटना की सूचना पाकर सास ससुर व जेठ अजय उर्फ कल्लू व अन्य परिजन दौड़ते हुए घर पहुंचे। बहु की लाश को फांसी के फंदे से लटका देखा तो सभी के होश उड़ गये। सूचना रामपुरा थाना पुलिस एवं मृतका के मायके के लोग भी पहुंच गये। माधौगढ़ के क्षेत्राधिकारी राम सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम भेजकर मामले की जांच की जा रही है। अगर मायके पक्ष से कोई तहरीर देता है ताे उसके आधार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / विशाल कुमार वर्मा

   

सम्बंधित खबर