मतदाता पुनरीक्षण सूची का शुद्धिकरण होने से सपा की विदाई सुनिश्चित : केशव प्रसाद मौर्य
- Admin Admin
- Dec 06, 2025
जौनपुर, 06 दिसंबर (हि.स.)। यूपी के जौनपुर में खेलकूद एवं युवा कल्याण राज्य मंत्री गिरीश चंद्र यादव के पिता के निधन पर शनिवार को उनके पैतृक आवास समसपुर गांव पहुंच कर उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने शोक व्यक्त किया। इस दौरान उन्होंने परिजनों से मुलाकात की और अपनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उन्हें संबल प्रदान किया। पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कई मुद्दों पर अपनी राय रखी।
पत्रकारों से बात करते हुए उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने अखिलेश यादव के दिए गए जय जवान जय किसान जय संविधान नारा पर कहा कि अखिलेश यादव को बाबा साहेब पर, संविधान पर बोलेने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है। जब वह सत्ता में थे तो संविधान को कुचलने और बाबा साहेब काे अपमानित करने का काम किया था। यहां तक कि उनके अनुयाईओं को भी बहुत कष्ट देने का काम किया। भाजपा सांसद अरुण गोविल के मक्का मदीना में सीसीटीवी कैमरे लगे तो मदरसों और मस्जिदों में क्यों नहीं वाले बयान को उपमुख्यमंत्री ने जायज ठहराया। उन्होंने कहा कि उनका सवाल जायज है निश्चित रूप से इस पर काम होना चाहिए। जल्द ही सरकार इस पर निर्णय लेगी। यूपी के सभी मदरसों पर सीसीटीवी कैमरे लगेंगे। एसआईआर पर उपमुख्यमंत्री ने कहा कि ये लोकतंत्र का एक पवित्र महायज्ञ है। जो बूथ लूट का चुनाव जीतने का काम करते थे अब उनका युग खत्म हो गया है। जब मतदाता पुनरीक्षण सूची का शुद्धिकरण हो जाएगा तो सपा की विदाई सुनिश्चित है। कफ सिरप मामले पर कहा कि जो लोग दोषी हैं, उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव



