हरियाणा में तीसरी बिजली कंपनी ‘हरियाणा एग्री डिस्कॉम’ के गठन की प्रक्रिया शुरू

-दीपक पोपली बने एग्री-डिस्काम योजना के नोडल अधिकारी

चंडीगढ़, 10 जून (हि.स.)। हरियाणा सरकार ने कृषि क्षेत्र के लिए अलग बिजली वितरण कंपनी ‘हरियाणा एग्री डिस्कॉम’ के गठन की प्रक्रिया शुरू कर दी है। सरकार ने बुधवार को मुख्य अभियंता (वाणिज्य) यूएचबीवीएन दीपक पोपली को इस योजना का नोडल अधिकारी नियुक्त किया है।

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी ने इस साल बजट के दौरान प्रदेश में तीसरी बिजली कंपनी के गठन का ऐलान किया था। वर्तमान में उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम तथा दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम के माध्यम से प्रदेश में बिजली आपूर्ति हो रही है। सरकार ने कृषि क्षेत्र को अलग करते हुए हरियाणा एग्री डिस्कॉम की स्थापना का ऐलान किया था। नई कंपनी के गठन को लेकर अधिसूचना जारी किए जाने के बाद अब सरकार ने वरिष्ठ अधिकारी दीपक पोपली को एग्री-डिस्काम योजना का नोडल अधिकारी नियुक्त किया है।

दोनों बिजली निगमों की ओर से जारी आदेशों के अनुसार, दीपक पोपली, जो वर्तमान में मुख्य अभियंता (वाणिज्य),यूएचबीवीएन पंचकूला के पद पर कार्यरत हैं, कृषि क्षेत्र से जुड़ी इस महत्वाकांक्षी योजना के कार्यान्वयन, मॉनिटरिंग और प्रगति समीक्षा की जिम्मेदारी संभालेंगे। वह फील्ड स्तर पर योजना के क्रियान्वयन की निगरानी के साथ-साथ आवश्यक नीतिगत और प्रशासनिक सुधारों को आगे बढ़ाने का काम भी करेंगे। नई कंपनी पूरे राज्य के कृषि फीडरों और कृषि उपभोक्ताओं का प्रबंधन करेगी। सरकार ने लक्ष्य रखा है कि सभी प्रशासनिक और तकनीकी तैयारियां पूरी कर 15 अगस्त 2026 तक हरियाणा एग्री डिस्कॉम को पूरी तरह संचालित कर दिया जाए।

----

   

सम्बंधित खबर