महाराष्ट्र लोक भवन में सिक्किम एवं गोवा राज्य स्थापना दिवस समारोह संपन्न

मुंबई, 01 जून (हि.स.)। महाराष्ट्र के राज्यपाल जिष्णु देव वर्मा की प्रमुख उपस्थिति में महाराष्ट्र लोक भवन में सोमवार को सिक्किम एवं गोवा राज्य स्थापना दिवस सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से उत्साहपूर्वक मनाया गया।

मुंबई में स्थित लोकभवन में टाटा महाराष्ट्र राज्य कौशल विश्वविद्यालय के सहयोग से यह कार्यक्रम आयोजित किया गया था। इस कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के तकनीकी एवं व्यावसायिक पाठ्यक्रमों के विद्यार्थियों ने सिक्किम और गोवा के लोकगीत तथा लोकनृत्य प्रस्तुत किए। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राज्यपाल जिष्णु देव वर्मा ने कहा कि विभिन्न राज्यों के स्थापना दिवस मनाने से उन राज्यों की संस्कृति, वेशभूषा, लोकनृत्य एवं सांस्कृतिक परंपराओं का परिचय प्राप्त होता है और इससे राष्ट्रीय एकता को मजबूती मिलती है। उन्होंने कहा कि यद्यपि सिक्किम और गोवा एक-दूसरे से सैकड़ों मील दूर स्थित हैं, फिर भी दोनों राज्यों में ‘विविधता में एकता’ का अद्भुत स्वरूप दिखाई देता है। राज्यपाल ने कहा कि सिक्किम अपनी मनोहारी पर्वतमालाओं के लिए प्रसिद्ध है, जबकि गोवा अपने सुंदर समुद्र तटों के कारण देश-विदेश के पर्यटकों की पहली पसंद बना हुआ है। दोनों ही राज्य राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय पर्यटन के प्रमुख केंद्र हैं। उन्होंने कहा कि ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ केवल समानताओं का उत्सव नहीं है, बल्कि विविधताओं का उत्सव है। भारत केवल भौगोलिक सीमाओं से परिभाषित राष्ट्र नहीं, बल्कि विविध संस्कृतियों से समृद्ध एक जीवंत सभ्यता है।

राज्यपाल ने कहा कि गोवा महाराष्ट्र का पड़ोसी राज्य है और दोनों राज्यों के बीच सांस्कृतिक आदान-प्रदान निरंतर होता रहता है। उन्होंने मुंबई में शिक्षा एवं रोजगार के लिए बसे सिक्किम के लोगों से अपनी संस्था गठित कर परस्पर सहयोग की भावना को बढ़ावा देने का आह्वान किया। रतन टाटा महाराष्ट्र राज्य कौशल विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत उत्कृष्ट सांस्कृतिक कार्यक्रमों की सराहना करते हुए राज्यपाल ने उन्हें बधाई दी। विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत गोवा का लोकप्रिय गीत-नृत्य ‘मारिया पिता शे’ दर्शकों को विशेष रूप से पसंद आया।

इस कार्यक्रम में सिक्किम के राज्यपाल ओम प्रकाश माथुर तथा गोवा के राज्यपाल अशोक गजपति राजू पूसपती के वीडियो संदेश प्रदर्शित किए गए। साथ ही दोनों राज्यों के इतिहास, सांस्कृतिक विरासत और प्रमुख पर्यटन स्थलों पर आधारित लघु फिल्में भी दिखाई गईं। रतन टाटा महाराष्ट्र राज्य कौशल विश्वविद्यालय की कुलगुरु डॉ. अपूर्वा पालकर ने इस अवसर पर राज्यपाल का स्वागत एवं सम्मान किया।

इस कार्यक्रम में राज्यपाल के सहसचिव एस. राममूर्ति, परिवार प्रबंधक डॉ. निशिकांत देशपांडे तथा मुंबई में शिक्षा एवं व्यवसाय के उद्देश्य से बसे सिक्किम के नागरिक उपस्थित थे। सहायक प्रशासनिक अधिकारी संजय करंगे ने धन्यवाद ज्ञापन किया।

---------------

   

सम्बंधित खबर