हरियाणा : बिना बैंक गारंटी के लगेगा एक किलोवाट सोलर सिस्टम
- Vijesh Sharma
- Jun 04, 2026

सरकार का 2.20 लाख रूफटॉप सोलर सिस्टम लगाने का लक्ष्य, खाली जमीन से होगी कमाई, किसानों की बिजली खरीदेगी सरकार : विज
चंडीगढ़, 04 जून । सरकार ने सौर ऊर्जा को जन-जन तक पहुंचाने का रोडमैप तैयार किया है। इसी कड़ी में 1 किलोवाट लोड वाले घरेलू उपभोक्ताओं को बिना बैंक गारंटी और ऋण प्रक्रिया की जटिलताओं के सोलर सिस्टम लगाने का फैसला लिया है, जिससे उपभोक्ताओं का बिजली बिल लगभग शून्य होगा।
वहीं, नियमित बिल जमा करने वाले 5 किलोवाट तक के उपभोक्ताओं को भी आसान किस्तों पर सोलर सिस्टम मिलेगा। किसानों की खाली जमीन पर सोलर प्लांट स्थापित कर सरकार द्वारा बिजली खरीदने की योजना है।
ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने गुरुवार काे बताया कि लाखों परिवारों को बिना बैंक गारंटी सोलर सिस्टम उपलब्ध कराने की योजना तैयार की जा रही है। विभाग के कर्मचारी स्वयं उपभोक्ताओं के घर जाकर प्रक्रिया पूरी करेंगे और उनकी छतों पर सोलर सिस्टम स्थापित करवाएंगे। इसके बाद ऐसे उपभोक्ताओं का बिजली बिल लगभग शून्य हो जाएगा। उन्होंने बताया कि हरियाणा में 1 किलोवाट तक के लोड वाले 7 लाख से अधिक उपभोक्ता हैं, जिन्हें इस योजना का लाभ मिल सकता है।
उन्होंने आगे बताया कि नियमित रूप से बिजली बिल जमा करने वाले 5 किलोवाट तक के उपभोक्ताओं के लिए भी इसी प्रकार की व्यवस्था प्रस्तावित है। इस योजना में मिलने वाली सरकारी सब्सिडी के अतिरिक्त शेष राशि उपभोक्ताओं से आसान किस्तों में ली जाएगी तथा इसके लिए भी बैंक ऋण की आवश्यकता नहीं होगी। विज ने कहा कि हाल ही में केंद्रीय ऊर्जा मंत्री मनोहर लाल के समक्ष उन्होंने एक प्रस्ताव भी रखा है, जिसके तहत ऐसे किसान जिनकी भूमि खाली पड़ी है और जिनके परिवार के सदस्य बाहर रहते हैं, वे अपनी भूमि पर स्वयं के खर्च पर सोलर प्लांट स्थापित कर सकेंगे।
इसके बाद सरकार निर्धारित दरों पर उनसे उत्पादित बिजली खरीदेगी। इससे किसानों को अतिरिक्त आय का स्रोत मिलेगा और राज्य में स्वच्छ ऊर्जा उत्पादन को भी बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के उत्कृष्ट क्रियान्वयन के लिए हरियाणा को आज राष्ट्रीय स्तर पर तीन प्रतिष्ठित पुरस्कार प्राप्त होने जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि पुरस्कार सिफारिशों के आधार पर नहीं, बल्कि कार्य के आधार पर मिलते हैं और सरकार हमेशा बेहतर प्रदर्शन करने वालों को सम्मानित करती है। श्री विज ने बताया कि केंद्र सरकार ने हरियाणा को सौर ऊर्जा के क्षेत्र में अग्रणी राज्यों में शामिल किया है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार इस दिशा में और अधिक प्रयास करेगी तथा हरियाणा को सौर ऊर्जा के क्षेत्र में पूर्णतः आत्मनिर्भर बनाने का लक्ष्य लेकर आगे बढ़ रही है।
---------------

