किसान आगे बढ़ेगा तो देश आगे बढ़ेगा- मुख्यमंत्री

अजमेर, 10 जनवरी(हि.स)। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने बुधवार को तीर्थराज पुष्कर की धरती पर विकसित भारत संकल्प यात्रा शिविर में कहा कि यह किसानों की भूमि है, किसान आगे बढ़ेगा तो देश आगे बढ़ेगा, एक किसान ही है जो हारी हुई जंग लड़ता है। पुष्कर के गनाहेड़ा में मुख्य मंत्री ने कहा कि हमने कहा था पेपर लीक मामले में एसआईटी का गठन करेंगे, एडीजी के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया, नकल में मदद करने वाले और नकल करने वालों का इंतजाम होने वाला है। किसी भी कीमत पर नहीं बख्शा जायेगा। संगठित अपराध के लिए गैंगस्टर टास्क फोर्स बनाई गई है। राजस्थान शक्ति और भक्ति की धरती है। अपराध की नहीं। किसी भी तरीके का अपराध सहन नहीं किया जाएगा।

भजनलाल ने कांग्रेस सरकार द्वारा अन्नपूर्णा रसोई को इंदिरा रसोई नाम दे जाने पर तंज कसा कि इंदिरा रसोई के नाम पर घोटाला हुआ था जिसकी जांच करवाई जा रही है। भ्रष्टाचारियों को नहीं बख्शा जाएगा। भ्रष्टाचारियों की सिफारिश करने वालों को भी नहीं बख्शा जाएगा।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा बुधवार को पुष्कर आए। वे नजदीकी ग्राम पंचायत गनाहेड़ा में आयोजित होने वाले विकसित भारत संकल्प यात्रा शिविर का अवलोकन करने के बाद केंद्र सरकार की फ्लेगशिप योजनाओं के लाभार्थियों से संवाद कर रहे थे।

सीएम के यात्रा को लेकर पुलिस एवं प्रशासन पूरी तरह से अलर्ट रहा। शिविर स्थल पर तैयारियां युद्ध स्तर की गई। यही नहीं जिला कलक्टर भारती दीक्षित एवं एसपी चुनाराम जाट ने अधीनस्थ अधिकारियों के साथ पुष्कर में पड़ाव डाल रखा था। हेलीपैड़ व शिविर स्थल पर समुचित व्यवस्था हाथों हाथ की गई

मुख्यमंत्री ने ब्रह्म घाट की पूजा व ब्रह्मा मंदिर के किए दर्शन

सीएम बनने के बाद भजनलाल शर्मा पहली बार पुष्कर आए थे। उन्होंने सरोवर की पूजा की एवं ब्रह्मा मंदिर के दर्शन किए। दोनों ही कार्यक्रम पूर्व में प्रस्तावित नहीं थे। सीएम द्वारा सरोवर की पूजा व मंदिर के दर्शन की संभावना को लेकर कलक्टर व एसपी ने ब्रह्म घाट व ब्रह्मा मंदिर का भी दौरा कर व्यवस्थाओं को दुरुस्त किया। इस दौरान उनके साथ एडीएम, एसडीएम, एएसपी, डीएसपी समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहे।

जल संसाधन मंत्री सुरेश सिंह रावत भी इस दौरान सीएम के साथ रहे। सांसद भागीरथ चौधरी भी साथ थे। रावत पहली बार मंत्री बनने के बाद पुष्कर की धरती पर लौटे थे। उन्होंने भी पुष्कर सरोवर को पूजा और ब्रह्मा मंदिर के दर्शन किए।

पुष्कर में भी जल्द बनेगा भव्य कॉरिडोर- मंत्री रावत

जल संसाधन मंत्री सुरेश सिंह रावत ने पत्रकारों से मुखातिब होते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पुष्कर यात्रा के दौरान भी कॉरिडोर की आस बंधी थी। वे जब भी दिल्ली जाएंगे केंद्रीय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल से वार्ता कर उक्त लंबित प्रोजेक्ट को स्वीकृति दिलाएंगे। साथ ही उन्होंने कहा कि उनको जो मंत्रालय दिया गया है, वह बहुत महत्वपूर्ण है। जल है तो कल है। बिना जल के कल की कल्पना नहीं की जा सकती है। उन्होंने कहा कि बीसलपुर में बरसात का पानी कम आने के कारण समस्याएं बनी रहती है। इसके समाधान के लिए चंबल रिवर फ्रंट से लिफ्ट कर बीसलपुर में पानी डाला जाएगा। इस संबंध में मध्यप्रदेश व राजस्थान के बीच कुछ विवाद था, वह सुलझ गया है। कुछ ही दिनों में राजस्थान व मध्यप्रदेश के बीच अनुबंध होगा। इसके बाद चंबल का पानी बीसलपुर में डालना शुरू कर दिया जाएगा। ईआरसीपी का महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट है। इससे बीसलपुर को फायदा मिलेगा और 13 जिले इससे लाभांवित होंगे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा के मार्गदर्शन में राज्य सरकार अपने वादों पर खरा उतरेगी। सरोवर में जाने वाले गंदे पानी को रोकने के लिए सरकार से बजट की मांग रखेंगे।

हिन्दुस्थान समाचार/संतोष/संदीप

   

सम्बंधित खबर