मप्रः नगरीय निकायों में संचालित आश्रय स्थल जरूरतमंदों के लिये हो रहे हैं मददगार

भोपाल, 12 जनवरी (हि.स.)। मध्य प्रदेश में इन दिनों कड़ाके की ठंड पड़ रही है। इसे देखते हुए नगरीय विकास विभाग ने नगरीय निकायों के अधिकारियों को जरूरतमंदों के लिये आश्रय स्थल संचालित करने के निर्देश दिये हैं। निर्देशों में कहा गया है कि आश्रय स्थलों में गर्म कपड़ों की व्यवस्था और स्वच्छता पर विशेष ध्यान दिया जाए। प्रदेश में 413 नगरीय निकाय हैं। इनमें नगर पालिक निगम 16, नगर पालिका परिषद 99, नगर परिषद 298 हैं। यह जानकारी शुक्रवार को जनसम्पर्क अधिकारी मुकेश मोदी ने दी।

आश्रय स्थल में मिली मदद

उन्होंने बताया कि दिव्यांग राममिलाप पाठक पिछले दिनों किसी कार्य से सीधी कलेक्ट्रेट आये थे। मौसम की खराबी के कारण वे घर नहीं जा पाए। राममिलाप सीधी कलेक्ट्रेट में ही रात बिताने को मजबूर थे लेकिन उन्हें सीधी कलेक्टर साकेत मालवीय के निर्देश पर नगर पालिका द्वारा संचालित आश्रय स्थल में रात बिताने के लिये जगह दी गई। नगरीय निकायों के अधिकारी बेसहारा लोगों की मदद के लिये पहल कर रहे हैं।

वहीं, सीधी नगर में अकेले रहने वाली बुजुर्ग महिला को आश्रय स्थल लाया गया। साथ ही उनके हाथ में लगी चोंट का उपचार करवाकर भोजन दिया गया। आश्रय स्थल के संचालन में स्वयंसेवी संगठन बढ़चढ़ कर भाग ले रहे हैं। सीधी जिला अस्पताल परिसर में भी आश्रय स्थल संचालित हो रहा है। यहाँ 15 पुरूषों तथा 10 महिलाओं के ठहरने की अलग-अलग व्यवस्था की गई है। आश्रय स्थल में तकिये-कंबल की पर्याप्त व्यवस्था की गई है।

नगरीय विकास आयुक्त भरत यादव ने स्थानीय निकायों को अपने मैदानी अमलों के मोबाइल नंबर सार्वजनिक करने के लिये कहा है, जिससे जरूरतमंद को आश्रय स्थल में सुविधानुसार जगह दी जा सके।

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश / उमेद

   

सम्बंधित खबर