महागठबंधन सरकार का भय अपराधियों पर खत्म हो चुका हैं : तारकिशोर प्रसाद
- Admin Admin
- Jan 18, 2024
कटिहार, 18 जनवरी (हि.स.)। बिहार के पूर्व उप मुख्यमंत्री व सदर विधायक तारकिशोर प्रसाद ने आज सरेआम कटिहार शहर के हरिगंज चौक पर निगम पार्षद के पति एवं एक अन्य सहयोगी के दिनदहाड़े गोली मार कर की गई हत्या की निंदा की है।
उन्होंने कहा है कि महागठबंधन की सरकार अपराधिक घटना रोकने में असफल रही हैं। अब तो दिनदहाड़े गोलियों की बौछार कर अपराधी हत्या को अंजाम दे रहे हैं। महागठबंधन सरकार का भय अपराधियों पर खत्म हो चुका हैं। उल्लेखनीय है कि कटिहार नगर निगम के वार्ड संख्या 45 की वार्ड पार्षद खुशबू परवीन के पति छोटू पोद्दार (35वर्ष) एवं उसके सहयोगी प्रीतम चौधरी (32वर्ष) की मौत घटना स्थल पर हो गई। घटना में घायल कार चालक उदिप पोद्दार को कमर में गोली लगी है, जिसका इलाज अस्पताल में चल रहा है। तीनों कार में सवार होकर कोर्ट से घर लौट रहे थे।
पूर्व उप मुख्यमंत्री ने अविलंब अपराधियों की गिरफ्तारी कटिहार सहित बिहार को अपराध से मुक्त करने की मांग की। घटना की जानकारी मिलते ही पूर्व उप मुख्यमंत्री कटिहार मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचे एवं परिजनों से मिलकर सांत्वाना दिये। इस अवसर पर उनके साथ निगम पार्षद प्रमोद महतो, अभिषेक अग्रवाल, देवब्रत गुप्ता, पवन पौद्दार एवं अन्य कई लोग अस्पताल पहुंचे।
हिन्दुस्थान समाचार/विनोद/चंदा