प्राण प्रतिष्ठा की पूर्व संध्या पर निकलेगी भव्य रामेण दर्शन यात्रा, दिव्यांग्जन होंगे शामिल

फिरोजाबाद, 19 जनवरी (हि.स.)। अयोध्या में प्रभु श्रीराम के होने वाले प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम से पूर्व संध्या पर नगर में भव्य रामेण दर्शन यात्रा निकलेगी। इस यात्रा में 100 से अधिक दिव्यांग्जन अपनी ट्राइसाइकिल सहित शामिल होंगे। सभी रामभक्त दर्शन यात्रा के साक्षी बनेंगे।

रामेण दर्शन यात्रा के संयोजक राजेश झा और प्रभु श्रीराम प्राण प्रतिष्ठा समिति के संयोजक रामकुमार गुप्ता ने शुक्रवार को बताया कि प्रभु श्रीराम की प्राण प्रतिष्ठा से एक दिन पूर्व संध्या पर शहर में भव्य रामेण दर्शन यात्रा निकाली जाएगी।

यह यात्रा 21 जनवरी दोपहर 12 बजे गांधी पार्क चौराहा से शुरू होगी, जो सेंट्रल चौराहा, काली मंदिर, बर्फखाना चौराहा, जलेसर रोड होते हुए गोपालाश्रम पर पहुंचेगी। जहां प्रभु श्रीराम, सीता माता, भाई लक्ष्मण एवं रामायण के अन्य पात्रों के स्वरूपों की आरती का कार्यक्रम होगा। इस भव्य दर्शन यात्रा की तैयारियों पूर्णता की ओर है। स्वयंसेवकों के अतिरिक्त मातृ शक्ति भी टोली के रूप में जगह-जगह संपर्क कर जनजागरण का कार्य रही हैं। भव्य दर्शन यात्रा हेतु जगह-जगह स्वागत द्वार बनाएं जाएंगे। मार्ग में जगह-जगह रामायण के स्वरूपों पर पुष्पवर्षा की जायेगी। दर्शन यात्रा मार्ग में कारपेट की व्यवस्था की गई है ताकि पैदल चल रहे भगवान के स्वरूपों को कठिनाई का सामना न करना पड़े।

भव्य दर्शन यात्रा में दिव्यांगजन भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लेंगे, जिसमें 100 से अधिक दिव्यांग जन अपनी ट्राइसाइकिल समेत सम्मिलित होंगे। स्कूल के बच्चे भी इस भव्य यात्रा में बड़ी संख्या में स्वरूपों के रूप में एवं दर्शकों के रूप में अपने अभिभावकों के साथ उपस्थित रहेंगे।

उन्होंने सभी सनातनी एवं रामभक्तों से आग्रह किया है कि वह अपने बच्चों को भी इस दर्शन यात्रा का सहभागी बनाएं अर्थात रामायण के पात्र के रूप में सज्जित करें। साथ ही पूरे परिवार सहित इस अलौकिक एवं दिव्य दर्शन यात्रा के साक्षी बनें।

इस अवसर पर प्रमुख रूप से उदय गुप्ता, अमर वर्मा, ललित मोहन सक्सेना, दीपक गुप्ता कालू, सत्यवीर, विक्रांत शर्मा, विपुल शर्मा, दिलीप, निशा धाकरे, पूनम, निशा गुप्ता, अनुपम, मुन्नी देवी, अनुग्रह गोपाल आदि उपस्थित थे।

हिन्दुस्थान समाचार/कौशल

   

सम्बंधित खबर