सास का दाह संस्कार करके लौट रहे पुलिस जवान की शक्तिपुंज के धक्के से मौत

पलामू, 19 जनवरी (हि.स.)। शक्तिपुंज एक्सप्रेस के धक्के से जिला पुलिस के जवान की मौत हो गई। घटना डालटनगंज रेलवे स्टेशन के तीन नंबर प्लेटफार्म के डाउन लाइन पर शुक्रवार को हुई। पुलिस जवान शक्तिपुंज एक्सप्रेस पकड़ने के लिए स्टेशन पर गए हुए थे। इसी क्रम में हादसे के शिकार हुए। जवान की पहचान सीताराम महतो 58 वर्ष के रूप में हुई है। सीताराम पाटन थाना क्षेत्र के नौडीहा पंचायत अंतर्गत सिक्का गांव के रहने वाले थे। मेदिनीनगर शहर थाना क्षेत्र के बारहलोटा में भी उनका अपना मकान है।

पुलिस जवान सीताराम के साले श्याम बिहारी मेहता ने बताया कि 16 जनवरी को उनकी मां (मृतक की सास) का निधन होने पर उनके बहनोई दाह संस्कार के लिए आए हुए थे। हजारीबाग जिला पुलिस में कार्यरत थे। ऐसे उनकी ट्रेनिंग धनबाद के गोविंदपुर में चल रही थी। वापस ड्यूटी पर जाने के लिए शक्तिपुंज एक्सप्रेस पकड़ने के लिए डालटनगंज रेलवे स्टेशन पर साथ में गए हुए थे। स्टेशन पर छोड़ने के बाद लौट रहे थे। इसी क्रम में सूचना मिली कि ट्रेन के धक्के से उनकी मौत हो गई है।

सूचना मिलने के बाद राजकीय रेल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और डाउन लाइन में पोल संख्या 285/36 के पास से शव को कब्जे में लिया। साला श्याम बिहारी ने जानकारी दी की उन्हें पुनः 25 जनवरी को श्राद्ध कर्म में आना था। करीब 30 वर्ष से पुलिस सेवा में थे।

हिन्दुस्थान समाचार/ दिलीप

   

सम्बंधित खबर