भाइपो को जेल भेजूंगा : शुभेंदु अधिकारी

हुगली, 20 जनवरी (हि.स.)। “मैं ममता को पूर्व मुख्यमंत्री बनाऊंगा और, मैं उनके भतीजे को जेल भेजूंगा।'' राज्य विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी ने शनिवार को कुछ इसी अंदाज में राज्य की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और उनके भतीजे अभिषेक बनर्जी पर हमला बोला। शुभेंदु अधिकारी ने शनिवार को गिरफ्तार पूर्व सैनिक ऋत्विक पाल के उत्तरपाड़ा स्थित घर पर संवाददाताओं बातचीत के दौरान कहा कि ऋत्विक को ममता की पुलिस ने झूठे केस में 10 दिन के लिए जेल में डाल दिया है। यह शर्म की बात है। उन्होंने कहा कि एक माफिया और लुटेरे शाहजहान को ममता की पुलिस ढूंढ नहीं पा रही और मेजर ऋत्विक पाल को, जिन्होंने अपना सारा जीवन देश के लिए समर्पित कर दिया, आज ममता सरकार ने झूठे आरोपों और फर्जी मेडिकल रिपोर्ट के साथ जेल में रखा है।

शुभेंदु ने कहा कि मुझे आज मेजर ऋत्विक से श्रीरामपुर जेल में मिलना था। लेकिन अनुमति नहीं दी गई। ममता मुझसे डरती हैं। मैंने उन्हें 1,956 वोटों से हराया है।

उल्लेखनीय है कि सात जनवरी को भाजपा की एक रैली के दौरान डानकुनी में पुलिस के साथ हुई झड़प के मामले में पुलिस ने छह भाजपा कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर लिया था। जिनमें ऋतिक पाल भी शामिल थे। हिन्दुस्थान समाचार /धनंजय /गंगा

   

सम्बंधित खबर