भारत विश्व का सबसे युवा देश, पूरा विश्व आज युवा शक्ति की तरफ देख रहा : अनिल राजभर

वाराणसी में गणतंत्र दिवस पर आयोजित कार्यक्रम:फोटो बच्चा गुप्तावाराणसी में गणतंत्र दिवस पर आयोजित कार्यक्रम:फोटो बच्चा गुप्तावाराणसी में गणतंत्र दिवस पर आयोजित कार्यक्रम:फोटो बच्चा गुप्ता

वाराणसी, 26 जनवरी(हि.स.)। देश के 75वें गणतंत्र दिवस पर जनपद में विभिन्न देशभक्ति भरे कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। जिसमें जिले के उच्चाधिकारियों ने अपने-अपने परिसरों में पूरे शान से तिरंगा फहराया।

पुलिस लाइन मैदान में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में प्रदेश के कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर ने तिरंगा फहराने के उपरांत परेड की सलामी ली। इसके बाद विभिन्न विद्यालयों के बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों की आकर्षक प्रस्तुति दी। कार्यक्रम में पुलिस कमिश्नर मुथा अशोक जैन ने उपस्थित लोगों को संविधान संकल्प की शपथ भी दिलायी।

कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर ने संविधान निर्माताओं के संकल्पों को दोहराते हुए सभी से भारतीय संविधान के प्रति श्रद्धा रखने को कहा। उन्होंने नये भारत की बात करते हुए वर्तमान सरकार के प्रयासों को बताया। उन्होंने कहा कि भारत ने ब्रिटेन को पछाड़कर विश्व की पांचवी अर्थव्यवस्था बनने के गौरव को हासिल किया है। देश वर्ष 2027 तक विश्व की तीसरी अर्थव्यवस्था बनने के अपने संकल्पों के प्रति अग्रसर भी है।

उन्होंने कहा कि भारत विश्व का सबसे युवा देश है जिसके कारण ही पूरा विश्व आज भारत के युवा शक्ति की तरफ देख रहा है। उन्होंने 2047 तक विकसित भारत के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के संकल्पों को दोहराते हुए अगले 25 वर्ष के अमृतकाल में युवाओं, भारत के गावों की भूमिका बताई।

उन्होंने कहा कि आजादी के असली मायने आज परवान चढ़े हैं। जिसमें भारत निराशा के माहौल से बाहर आ चुका है। पुलिस कमिश्नर ने गणतंत्र दिवस के पर्व की सभी को बधाईयां देते हुए संविधान के संकल्पों को दोहराया। उन्होंने शानदार परेड तथा आयोजन के लिए पूरी टीम को बधाई दी।

वाराणसी के मंडलायुक्त कौशल राज शर्मा ने कमिश्नरी परिसर तथा कैंप ऑफिस पर तिरंगा फहराया। उन्होंने इस अवसर पर 2047 तक भारत को विकसित बनाने की बात दोहराते हुए प्रत्येक नागरिकों के इसमें प्रतिभाग की बात कही। उन्होंने जय जवान-जय किसान-जय विज्ञान के नारे को दोहराते हुए सभी से जो भी कर्तव्य उनको मिला है उनको दृढ़संकल्पित होकर राष्ट्र के प्रति करने हेतु प्रेरित किया।

उन्होंने कहा कि विकसित राष्ट्र के लिए सबसे अधिक जरुरी बात है सभी का राष्ट्र के प्रति समर्पण। सभी अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूरी ईमानदारी से करें तभी अगले 25 सालों में हम विकसित राष्ट्र के संकल्पों को पूरा कर सकते हैं। जिलाधिकारी एस राजलिंगम ने जिला राइफल क्लब में तिरंगा फहराया। उन्होंने इस दौरान सभी से प्रधानमंत्री के 2047 तक विकसित भारत के संकल्पों को दोहराते हुए सभी से दृढ़संकल्पित होकर इस ओर बढ़ने हेतु प्रेरित होने की अपेक्षा की।

पुलिस लाइन में आयोजित परेड में यातायात पुलिस की टोली, महिला पुलिस, घुड़सवार दस्ता, स्काउट गाइड, मोटरसाइकिल दस्ता, आपातकालीन पीआरबी, फायर सर्विस, वायरलेस दस्ता, पीएसी बटालियन सभी के जवानों ने शानदार प्रदर्शन किया। प्राथमिक विद्यालय पुलिस लाइन, अटल आवासीय विद्यालय, प्राथमिक विद्यालय बेनीपुर के बच्चों ने विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों, पीटी तथा स्काउट गाइड की शानदार प्रस्तुति दी। भारत स्काउट गाइड के बच्चों ने आपदा प्रबंधन में विभिन्न उपायों को प्रस्तुत किया गया।

कार्यक्रम में विजयी प्रतिभागियों को पुरस्कृत भी किया गया। जिसमें परेड में प्रथम स्थान पर पीएसी 48वीं बटालियन, द्वितीय स्थान पर महिला पुलिस की टोली रही। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में प्रथम स्थान प्राथमिक विद्यालय बेनीपुर तथा अटल आवासीय विद्यालय के बच्चों को द्वितीय स्थान प्राप्त हुआ। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्य, मुख्य विकास अधिकारी हिमांशु नागपाल समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार/श्रीधर/राजेश

   

सम्बंधित खबर